विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड में गरजा प्रशासन का बुलडोजर, हटाया गए अवैध अतिक्रमण; 151 और मकानों पर कार्रवाई की तैयारी

Published: Thu, 10 Oct 2024 12:02 PM (IST)

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में प्रशासन ने पूछड़ी आरक्षित वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। ...और पढ़ें

सड़क चौड़ीकरण को लेकर लालडांट चौराहे पर अतिक्रमण ढहाता बुलडोजर। जागरण
सड़क चौड़ीकरण को लेकर लालडांट चौराहे पर अतिक्रमण ढहाता बुलडोजर। जागरण

HighLights

  1. रणनीति व तैयारी के साथ पूछड़ी में 151 अतिक्रमण होंगे ध्वस्त
  2. एसडीएम व डीएफओ के बीच हुई बैठक, सेक्टर अधिकारी किए नियुक्त

जागरण टीम, नैनीताल। पूछड़ी आरक्षित वन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। दशहरा के बाद सर्वे व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को तराई पश्चिमी वन प्रभाग के कार्यालय में एसडीएम राहुल शाह की मौजूदगी में बैठक हुई। जिसमें ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की रूपरेखा तय की गई।

तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत रामनगर रेंज में पुछड़ी आरक्षित वन क्षेत्र में लोग अतिक्रमण कर रह रहे हैं। वन विभाग पूर्व में अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर उन्हें नोटिस देकर बेदखली आदेश जारी कर चुका है। अभी वन विभाग ने 151 अतिक्रमण को ध्वस्तीकरण करने के लिए चिन्हित किया है।

घर-घर किया जाएगा सर्वे

एसडीएम राहुल शाह व डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने संयुक्त बैठक कर आवश्यक रूपरेखा बनाने के लिए चर्चा की। तय हुआ कि अभी 151 अतिक्रमणकारियों के घर-घर सर्वे किया जाएगा। जांच की जाएगी कि परिवार में कितने लोग हैं, कब से रह रहे हैं। रहने वाले कौन लोग हैं। अतिक्रमणकारियों के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण के संबंध में जिम्मेदारी सौंपने के लिए सेक्टर अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दशहरा के बाद सर्वे व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। डीएफओ आर्या ने बताया कि जिनके पास हाई कोर्ट का आदेश है, उस क्षेत्र में कार्रवाई नहीं की जाएगी।

सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण पर बरसा बुलडोजर

सड़क चौड़ीकरण के लिए बुधवार को प्रशासन और लोनिवि की टीम लालडांठ रोड पहुंच गई। पूर्व में लोगों को नोटिस देने के बाद दर्ज आपत्तियों का निस्तारण भी हो चुका है। ऐसे में अधिकारियों ने और मोहलत न देते हुए दुकान समेत सात अन्य निर्माण के छज्जे और दीवार गिरा दी।

अब लोनिवि एक तरफ से सड़क का निर्माण करते हुए आगे बढ़ेगा। जद में आने वाले बिजली पोल भी शिफ्ट होंगे।पिछले साल दिसंबर में शासन ने हल्द्वानी के मुख्य चौराहों और तिराहों के चौड़ीकरण के लिए 14.23 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी थी। इसके बाद प्रशासन, नगर निगम और लोनिवि की टीम ने संयुक्त सर्वे कर तय किया था कि चौराहे और तिराहे से जुड़ी सड़क भी चौड़ी की जाएगी। इसलिए अलग-अलग जगहों पर अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगाए गए। इसी आधार पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस भी दिया गया।

बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम पारितोष वर्मा, ईई अशोक कुमार व तहसीलदार सचिन कुमार लालडांठ रोड पहुंच गए, जिसके बाद दुकानों के बाहर तक आए छज्जे को तोड़ने के साथ अन्य अतिक्रमण भी हटाए गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अब लोनिवि सड़क बनाएगा। कार्रवाई के दौरान कहीं कोई विरोध या हंगामे की स्थिति नहीं नजर आई।

इसे भी पढ़ें: 12.62 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, फर्जी चेक बनाने वाले की तलाश जारी

इसे भी पढ़ें: दीपावली के बाद थमेंगे परिवहन निगम की बसों के पहिये, निजी बसों के परमिट का होगा विरोध