तेज रफ्तार बाइक पर कूदा बंदर, पीछे बैठे युवक की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल
बागेश्वर जिले के कपकोट में तैनात बीएसएनएल संविदा कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। वाहन चालक को भी चोटें आई हैं और वह सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती है। स्थानीय लोगों के अनुसार बंदर के चलते वाहन के ऊपर कूदने से बाइक पहाड़ पर सीधे टकरा गई।
बागेश्वर, जेएनएन : बागेश्वर जिले के कपकोट में तैनात बीएसएनएल संविदा कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। वाहन चालक को भी चोटें आई हैं और वह सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती है। स्थानीय लोगों के अनुसार बंदर के चलते वाहन के ऊपर कूदने से बाइक पहाड़ पर सीधे टकरा गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने संविदा कर्मी के शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
कपकोट के भयूं गांव निवासी जमन सिंह 46 वर्ष पुत्र उदे सिंह बीएसएनएल में संविदा कर्मी के रूप में तैनात थे। वह गत मंगलवार की देर शाम कपकोट से अपने गांव भंयू की तरफ बाइक से लौट रहे थे। बाइक मोहम्मद खरीब 23 वर्ष पुत्र मोहम्मद फरियाद चला रहा था। भयूं के करीब दो किमी पीछे बंदरों का झुंड सड़क के ऊपर पहाड़ी से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि एक बंदर ने बाइक के ऊपर छलांग लगा दी। जिससे मोहम्मद खरीब वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे पहाड़ी से टकरा गई। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जबकि गंभीर रूप से घायल संविदा कर्मी जमन सिंह को परिजन जिला अस्पताल ले आए और यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि मोहम्मद का कपकोट अस्तपाल में इलाज चल रहा है।
डाक्टरों के अनुसार उसे कंधे और पांव में चोट आई है और वह खतरे से बाहर है। इधर, भयूं गांव शोक में डूब गया है और घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक बेटी और दो लड़कों से भरापूरा परिवार छोड़ गया है। इधर, थानाध्यक्ष केएस बिष्ट ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उधर, बीएसएनएल संविदा कर्मी के निधन पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, ब्लाक प्रमुख गोविंद दानू आदि ने गहरा दुख जताया है।