नैनीताल में जीजा ने युवती से किया दुष्कर्म का प्रयास, पीड़ित पिता ने दी तहरीर
नैनीताल के तल्लीताल थानाक्षेत्र निवासी युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। आरोपित रिश्ते में जीजा होने के साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।
नैनीताल, जेएनएन : नैनीताल के तल्लीताल थानाक्षेत्र निवासी युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। आरोपित रिश्ते में जीजा होने के साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को पीड़िता के पिता की ओर से पुलिस को दी तहरीर में बताया गया है कि बीती शाम साढ़े पांच से छह बजे के बीच उसकी बेटी घर में थी, तभी आरोपित घर में जबरन घुस गया और छेड़खानी व अश्लील हरकत करने लगा। कपड़े तक फाड़ दिए। दो छोटे भाइयों को डरा धमकाकर कमरे से भगा दिया। चेतावनी कि यदि किसी से कुछ कहा तो जान से हाथ धो बैठोगे। बेटी ने शोर मचाने के साथ ही पिता को फ़ोन किया। तभी आसपास के लोग आ गए तो आरोपित भाग गया।
आरोपित के हाथ में चाकू था, यदि आसपड़ोस के लोग नहीं आते तो आरोपित बड़ी वारदात को भी अंजाम दे सकता था। पीड़ित पक्ष ने फोनकर थाने में घटना की जानकारी दी तो पुलिसकर्मियों के आने तक वह फरार हो गया। एसओ विजय मेहता के अनुसार तहरीर मिली है। पीड़िता का आधार कार्ड मांगा गया है, यदि उम्र 18 साल से कम होगी तो पॉक्सो में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस घटना से क्षेत्रवासी गुस्से में हैं और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।