प्रदेश सदस्यता प्रमुख खजान दास ने कहा कि नैनीताल जिले में एक लाख नए सदस्य बनेंगे
भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत नैनीताल जनपद में एक लाख नए लोगों को पार्टी से जोडऩे का लक्ष्य मिला है।
हल्द्वानी, जेएनएन : भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत नैनीताल जनपद में एक लाख नए लोगों को पार्टी से जोडऩे का लक्ष्य मिला है। कुमाऊं संभाग कार्यालय में प्रदेश सदस्यता प्रमुख खजान दास की मौजूदगी में पदाधिकारियों ने कहा कि तय समय से पूर्व लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के दम पर हर वर्ग के लोग तेजी से पार्टी से जुड़ रहे हैं।
बैठक के दौरान सदस्यता प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में कुल दस लाख सदस्य का लक्ष्य है, लेकिन हम एक लाख अतिरिक्त लोगों को इसमें शामिल करेंगे। जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं। जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का पूरा ब्यौरा लोगों को दिया जा रहा है। मंडी समिति अध्यक्ष गजराज बिष्ट ने कहा कि नैनीताल के कार्यकर्ताओं ने हर बार क्षमता से अधिक योगदान दिया है। लक्ष्य से अधिक कार्यकर्ता जोड़े जाएंगे। वहीं, विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि मंडल व बूथ अध्यक्ष पार्टी की मजूबती है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के सामने कोई लक्ष्य बड़ा नहीं है। समीक्षा बैठक में दिनेश आर्य, अजय राजौर, मजहर नईम नवाब, प्रकाश रावत, दीपाली कन्याल, राकेश नैनवाल, उमेश शर्मा, भुवन भट्ट, राजेंद्र अग्रवाल मौजूद रहे।
भाजपा से जुड़े सैकड़ों लोग
दर्जा राज्यमंत्री रेनू अधिकारी के नेतृत्व में शनिवार को सैकड़ों लोगों ने भाजपा का दामन थामा। शहर के एक फिटनेस स्टूडियो में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री व सदस्यता अभियान प्रमुख राजू भंडारी मौजूद रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने नए कार्यकर्ताओं का स्वागत कर पार्टी हित में काम करने की अपील की।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप