खर्च के अनुरूप सुविधा न देने पर ईएसआईसी अस्पताल प्रबंधन पर बिफरे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने जिला मुख्यालय स्थित ईएसआईसी अस्पताल का निरीक्षण किया। खर्च के सापेक्ष सुविधा नहीं देने पर कड़ी नाराजगी जताई।
रुद्रपुर, जेएनएन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने जिला मुख्यालय स्थित ईएसआईसी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर सख्त नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि 97 करोड़ की लागत से बनाया अस्पताल सफेद हाथी साबित हो रहा है। जिला मुख्यालय में स्टेडियम के पीछे स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम का अस्पताल केंद्र सरकार की ओर से बनवाया गया है। जिसमें श्रमिकों के इलाज की व्यवस्था की गई है। इसके बाद भी अस्पताल में व्यवस्थाएं तार-तार हैं।
शनिवार पूर्वाहन साढ़े 11 बजे निरीक्षण के लिए पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश महामंत्री कुलदीप, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में दी जा रही व्यवस्था और सुविधाओं की जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने अस्पताल पर खर्च किया है उस हिसाब से श्रमिकों को सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। जो कि चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं शीघ्र सुधारी जाए। इसके लिए वह केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से भी वार्ता करेंगे। अस्पताल अधीक्षक डॉ दीपशिखा सवालों के उचित जवाब नहीं दे सकी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष शिव अरोरा, मेयर रामपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव, मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, प्रवक्ता ललित मिगलानी आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें
वही हुआ जिसका डर था, रानीबाग में महिला को उठा ले गया तेंदुआ, दो घंटे बाद मिला क्षतविक्षत शव