निकाय चुनाव : जोगेंद्र की सरलता बनी टिकट का आधार
लंबे समय से निकाय की राजनीति करने वाले निवर्तमान मेयर डॉ. जोगेंद्र को प्रत्याशी घोषित किया है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : लंबे समय से निकाय की राजनीति करने वाले निवर्तमान मेयर डॉ. जोगेंद्र प्रसाद सिंह रौतेला एक बार फिर भाजपा से मेयर प्रत्याशी बनने में सफल हो गए हैं। टिकट की दौड़ में शामिल कई दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए डॉ. रौतेला ने अपने राजनीतिक कद व पद के साथ ही अपने व्यक्तित्व का भी एहसास करा दिया है। उनकी सरल प्रवृत्ति ही उन्हें औरों से अलग करती है।
वर्ष 1971 में जन्मे काठगोदाम निवासी डॉ. रौतेला मिलनसार प्रवृति के हैं। उन्होंने रसायन शास्त्र में पीएचडी तक की शिक्षा हासिल की है। जीआइसी नैनीताल में छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहे। शिक्षक रहने के साथ ही उन्होंने निकाय की राजनीति में कदम रखा। सबसे पहले वर्ष 1997 में नगर पालिका के सदस्य चुने गए। इसके बाद वह लगातार पांच बार नगर पालिका में जीत दर्ज कराते रहे। भाजपा में जिला स्तर पर कई अहम पदों पर रहे। वर्ष 2013 में मेयर पद पर विजय हासिल की। पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने कई अहम निर्णय लिए। डॉ. रौतेला को टिकट दिलाने के लिए संघ की मजबूत पैरवी भी मानी जा रही है। शहर के कुछ क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ भी है। जहां तक पिछले पांच वर्षो में उपलब्धियां हैं, उसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सीवर लाइन, पेयजल लाइनों का पुनर्गठन, इंटर कॉलेजों में फर्नीचर की उपलब्ध कराने से लेकर नई पॉलिसी बनाना है। खुद रौतेला इन कार्यो को लेकर जनता के बीच जाने की बात करते हैं। शहर में राजनीति के विराट व्यक्तित्व रहे स्वर्गीय एनडी तिवारी का पार्थिव शरीर होने चलते उन्होंने किसी तरह का जश्न नहीं मनाया।
पार्टी ने किया था सर्वे
डॉ. जोगेंद्र रौतेला, मेयर प्रत्याशी भाजपा ने बताया कि पार्टी संगठन ने सर्वे किया था। उसी आधार पर मुझे प्रत्याशी घोषित किया है। वैसे मैदान में मुझसे योग्य दावेदार थे, लेकिन संगठन निर्णय ही सर्वोपरि है।