pithoragarh by election सपा प्रत्याशी ने कराया नामांकन, भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी आज कराएंगे
विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को पहला नामांकन हुआ। सपा उम्मीदवार मनोज कुमार भट्ट ने अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी आज नामांकन कराएंगे।
पिथौरागढ़, जेएनएन : विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को पहला नामांकन हुआ। सपा उम्मीदवार मनोज कुमार भट्ट ने अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी आज नामांकन कराएंगे।
सपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश परिहार, प्रदेश सचिव रमेश बिष्ट, प्रदेश सह प्रवक्ता मदन राम सन्याल के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे सपा प्रत्याशी मनोज कुमार भट्ट ने रिटर्निग आफिसर तुषार सैनी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। भट्ट ने नामांकन के साथ अपनी संपत्ति का ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किया है। वह नामांकन पत्रों की जांच से पूर्व वे संपत्ति का ब्यौरा दाखिल करेंगे। भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड गठन के 19 वर्षो बाद भी राज्य की समस्या जस की तस हैं। शिक्षा चिकित्सा और बेरोजगारी की मार झेल रहे प्रदेश के लोग पलायन को मजबूर हैं। भाजपा और कांग्रेस ने कभी भी इन मुद्दों को हल करने की कोशिश नहीं की। इधर, भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत और कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी के बुधवार को नामांकन के मद्देनजर दोनों दलों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
लंबी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस ने किया प्रत्याशी का चयन
विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने भी आखिरकार महिला प्रत्याशी पर ही दांव खेला है। लंबी जद्दोजहद के बाद बिण विकास खंड की निर्वतमान ब्लॉक प्रमुख अंजू लुंंठी को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। प्रत्याशी चयन के लिए प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को पिथौरागढ़ आना पड़ा। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह , नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने पत्रकार वार्ता में अंजू लुंठी के नाम की घोषणा की। इसी के साथ उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर लग रहे कयासों पर विराम लग गया। कांगे्रस के पूर्व विधायक मयूख महर के चुनाव लडऩे से मना किए जाने पर उन्हें मनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश व पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल सोमवार को पिथौरागढ़ पहुंचे। देर रात तक इस मसले पर बैठक हुई और अंजू का नाम तय भी कर लिया गया। मंगलवार को विधिवत उनके नाम की घोषणा कर दी गई है।