फिर उठी उत्तराखंड के बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग, भारी बारिश के बीच जुटे हजारों लोग
उत्तराखंड के बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर भारी बारिश के बावजूद हजारों लोग एकजुट हुए।
HighLights
भारी बारिश के बीच बिंदुखत्ता में हजारों लोग हुए एकजुट
राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने की मांग पर अड़े ग्रामीण
दर्जा न मिलने से पंचायत अधिकारों, सुविधाओं में आ रही दिक्कतें
जागरण संवाददाता, लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर रविवार को क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा जनसमूह उमड़ पड़ा। भारी बारिश के बावजूद बिंदुखत्ता के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग कार रोड स्थित जड़ सेक्टर जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में पहुंचे। कोई छाता लेकर पहुंचा तो कोई रेनकोट पहनकर सभा में शामिल हुआ। बारिश के बीच भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
जड़ सेक्टर स्कूल में आयोजित सभा में वक्ताओं ने बिंदुखत्ता को जल्द राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से अपनी इस मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लगातार पदयात्रा, जनसंपर्क और सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को एकजुट किया जा रहा है। 15 अगस्त से शुरू हुई पदयात्रा के बाद 27 सितंबर को आयोजित यह सभा आंदोलन के बड़े पड़ाव के रूप में देखी जा रही है।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता के लोग वर्षों से राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं होने के कारण क्षेत्र को पंचायत स्तर पर मिलने वाले अधिकारों और विभिन्न सरकारी व्यवस्थाओं से जुड़ी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी मांग को लेकर आंदोलन लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
भारी बारिश के बीच सभा स्थल पर पहुंचे लोगों के चेहरों पर लंबे समय से चली आ रही उपेक्षा को लेकर नाराजगी साफ दिखाई दी। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और पूर्व सैनिकों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण सभा में मौजूद रहे। सभा में राजस्व ग्राम की मांग को लेकर नारे भी लगाए गए।
आंदोलन से जुड़े संगठनों की ओर से पहले ही 27 सितंबर को लालकुआं तहसील तक रैली और इसके बाद धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया था। आयोजकों ने बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई थी। सभा अभी जारी है और इसके बाद ग्रामीणों की रैली लालकुआं तहसील की ओर रवाना होने की संभावना है।
