उत्तराखंड के भीमताल में हादसा: मलबे में दबने से महिला समेत दो मजदूरों की मौत, एक घायल
भीमताल के धुलई गांव में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर पहाड़ी का हिस्सा गिरने से महिला समेत दो मजदूरों की मौत हो गई और एक घायल हो गया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जागरण (भवाली)। भीमताल के धुलई गांव में गुरुवार दोपहर कंस्ट्रक्शन साइट पर काम के दौरान पहाड़ी का हिस्सा भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गया। हादसे में महिला समेत दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
इस दौरान मृतकों के परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। देर शाम एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, नगर के भीमताल रोड पर मेहरागांव से ऊपर धुलई में स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर ठेकेदार की ओर से मजदूरों से पत्थर की दीवार का निर्माण कराया जा रहा था। तभी निर्माणाधीन दीवार के पास से पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गया जिसकी चपेट में तीन मजदूर आ गए।
हादसे में 38 वर्षीय गौरी देवी पत्नी महेंद्र कुमार, निवासी लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल और 18 वर्षीय हरीश थापा पुत्र दीपक थापा, निवासी नेपाल की मौके पर ही मौत हो गई। नेत्र सिंह निवासी नेपाल घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली लाया गया। नेत्र सिंह की हालत खतरे से बाहर है। हादसे के बाद वहां मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच अन्य मजदूरों ने दबे लोगों को मलबे से बाहर निकाला।
घटना के तीन घंटे बाद ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सीएचसी भीमताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ठेकेदार को लापरवाही बरतने के आरोप में हिरासत में ले लिया है। अस्पताल में मृतकों का पंचनामा भरा गया तथा शुक्रवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एसपी क्राइम डा. जगदीश चंद्रा ने बताया कि मेहरागांव के पास कंस्ट्रक्शन साइट पर मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हुई है और एक घायल हुआ है। घटनास्थल का मुआयना करने पर ठेकेदार की गंभीर लापरवाही सामने आई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीन घंटे बाद दी पुलिस को सूचना
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने बताया कि हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ था। जब उनके साथी वापस नहीं लौटे, तो उन्होंने ठेकेदार को फोन किया। इसके बाद ठेकेदार ने साथियों की मौत की खबर दी। ठेकेदार की इस लापरवाही पर मजदूरों के साथियों और परिजनों में भारी आक्रोश है।
कंस्ट्रक्शन साइट की जांच की मांग
धुलई में बिल्डर की ओर से बड़े पैमाने पर पहाड़ी को काटकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। गुरुवार को हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि यह कार्य प्रशासन की मिलीभगत से चल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने इस निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
