विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्याेहारी सीजन के चलते अलर्ट मोड पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन, बेतालघाट बाजार में की ताबड़तोड़ छापेमारी

Published: Wed, 07 Oct 2026 09:57 PM (IST)

त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने बेतालघाट बाजार में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बेतालघाट बाजार में खाद्य सुरक्षा टीम का सघन निरीक्षण।

  2. एक्सपायरी सामग्री नष्ट की, गाय के घी का सैंपल लिया।

  3. कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी, जुर्माने की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, गरमपानी। त्यौहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम अलर्ट मोड पर आ गई है। विभागीय टीम ने बेतालघाट बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर तमाम प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एक्सपायरी डेट की सामग्री मौके पर नष्ट कर गाय घी का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। एकाएक चले अभियान से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देश व एक शिकायत के आधार पर बेतालघाट बाजार के रेस्टोरेंट, किराना, फल, सब्जी व मिठाई की एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। एकाएक चले अभियान से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

गुणवत्ता जांच को संदेह के आधार पर गाय के घी का नमूना जांच को प्रयोगशाला भेजा गया। एफएसएस एक्ट 2006 के प्रावधानों का अनुपालन न करने पर तीन प्रतिष्ठानों को ऑनलाइन नोटिस भेजे गए जिनका 15 दिन में अनुपालन न होने पर कोर्ट चालान की कार्यवाही की जाएगी, जिसके तहत धारा 55 में 2 लाख रुपये के जुर्माने का प्रावधान है।

वहीं, एक अन्य प्रतिष्ठान में प्रयोग तिथि के बाद रखी गई सामग्री को मौके पर नष्ट कराया व भविष्य में इस तरह के उत्पाद न रखने की चेतावनी दी गई। मिठाई के एक प्रतिष्ठान पर लाइसेंस न दिखा पाने पर एक सप्ताह का समय दिया गया। अनुपालन न पाए जाने पर कोर्ट चालान की कार्यवाही की जाएगी।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया आगामी त्यौहारी सीजन के मद्देनजर अभी से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान स्वामियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री को विक्रय करने, बिना बिल के खरीद न करने व स्टॉक का विवरण रखने, कालातीत खाद्य सामग्री का विक्रय एवं भंडारण न करने तथा साफ सफाई व दवाओं का छिड़़काव करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।

कैंची धाम तहसील प्रशासन ने भी अपनाया सख्त रुख

कैंची धाम क्षेत्र में तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन, जिला पर्यटन अधिकारी, आपूर्ति अधिकारी, विद्युत विभाग ने एक होम स्टे में शिकायत के आधार पर कार्यवाही की और पाई गई कमियों को नियमानुसार दूर करने के निर्देश दिए।

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने भी कई प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल किए जा रहे रसोई गैस सिलेंडरों का जायजा लिया। होटल स्वामियों से व्यवसायिक सिलेंडर इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, पूर्ति निरीक्षक अनिता पंत, अवर अभियंता गजेंद्र बिष्ट, रवि पांडे समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।