हल्द्वानी स्टेशन पर हांफी रोडवेज की एसी बस, यात्रियों का जमकर हंगामा
परिवहन निगम की खस्ताहाल बसें दम तोड़ रही हैं। इसी के चलते मंगलवार को हल्द्वानी डिपो में यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : परिवहन निगम की खस्ताहाल बसें दम तोड़ रही हैं। दिल्ली जाने वाली काठगोदाम डिपो की अनुबंधित एसी बस ने यात्रियों को बैठाने के बाद हल्द्वानी स्टेशन पर धोखा दे दिया। बस का प्रेशर नहीं बनने पर भड़के यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। चालक व परिचालक को खरीखोटी सुनाई गई। देर रात तक दूसरी बस का इंतजाम नहीं होने पर सभी यात्री मुरादाबाद डिपो की बस से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
काठगोदाम डिपो की अनुबंधित एसी बस (यूके-04ए-0454) हल्द्वानी-दिल्ली रूट पर चलती है। अधिकांश अनुबंधित बसें काफी पुरानी होने के कारण खस्ताहाल हो चुकी हैं। बीते सोमवार की रात एसी बस नौ बजे काठगोदाम डिपो से रोडवेज स्टेशन पहुंची। इसमें 17 यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुक कराया था। जबकि 12 यात्रियों ने बस में ही टिकट लिया। रात 10 बजे चालक ने बस स्टार्ट की तो काफी देर तक प्रेशर ही नहीं बना। काफी देर तक बस नहीं चली तो यात्रियों का धैर्य जवाब देने लगा। यात्रियों ने कई अफसरों के फोन घनघनाए, लेकिन किसी का फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे भड़के यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा काटा। इसके बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरी बस नहीं पहुंची। यात्रियों के गुस्से को देख परिचालक ने उनके टिकट वापस लेकर रुपये लौटाए। देर रात मुरादाबाद डिपो की बस पहुंचने पर यात्री उसमें सवार हुए। सभी यात्री मुरादाबाद डिपो की बस में बैठकर रवाना हुए। फिर लड़खड़ाई निगम की ऑनलाइन सेवा
परिवहन निगम की ऑनलाइन सेवा 20 दिन बंद रहने के बाद 24 घंटे भी सुचारू रूप से नहीं चल सकी। मंगलवार को भी यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुक कराने के लिए काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। वहीं परिचालकों को ऑनलाइन चार्ट नहीं निकलने से यात्रियों का मिलान करने में समस्या आई। ऑनलाइन सेवा आए दिन लड़खड़ाने से निगम को हर दिन 10 लाख रुपये से अधिक का घाटा हो रहा है। सैकड़ों लोग दूसरे प्रदेश के डिपो की बसों में बुकिंग करा रहे हैं। इसके बावजूद अब तक निगम प्रबंधन गंभीर नहीं है। इसका खामियाजा यात्रियों के साथ ही निगम को भी उठाना पड़ रहा है।