चुनावी ड्यूटी पर गए बैंक और रोडवेज के कर्मचारी, दर ब दर भटक रहे हैं उपभोक्ता
चुनावी ड्यूटी के बीच आम लोगों से जुड़ी सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बैंक और रोडवेज सेवाओं पर देखने को मिल रहा है।
हल्द्वानी, जेएनएन : चुनावी ड्यूटी के बीच आम लोगों से जुड़ी सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बैंक और रोडवेज सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को मतदान होना है, ऐसे में मतदान कर्मियों की बूथों के लिए रवानगी दो दिन पहले मंगलवार से ही शुरू हो गई, जिसके चलते बैंक और परिवहन निगम के पास स्टाफ कम पड़ गए हैं।
बैंक : लेनदेन लड़खड़ाया, एटीएम पर भी संकट
बैंक कर्मचारियों के चुनाव ड्यूटी पर चले जाने से बैंकों की कार्य गति पर मानों ब्रेक सा लग गया हैं। चुनाव आयोग ने सभी बैंकों से 50 फीसद स्टाफ को चुनावी ड्यूटी पर लगाया है। ऐसे में लेनदेन से लेकर अन्य बैंकिंग कार्य लडख़ड़ा गया है। स्टाफ की कमी से लोगों को कुछ मिनटों के काम के लिए घंटों गुजारने पड़ रहे हैं। तमाम एटीएम में समय से रुपये भी ट्रंसफर नहीं हो पा रहे हैं। मंगलवार को कुछ बैंकों में तो स्टाफ की कमी के कारण कैश से संबंधित सभी कार्य पूरी तरह ठप रहे। जिस वजह से लोगों को अपनी आवश्यकताओं के लिए एटीएम का सहारा लेना पड़ा।
रोडवेज : यात्री बे-बस, पहाड़ की सेवाएं तीन दिन से बंद
रोडवेज का भी यही हाल है। बसें चुनावी ड्यूटी में जाने से यात्री बे-बस हो गए हैं। काठगोदाम व हल्द्वानी डिपो से पहाड़ की सेवाएं तीन दिन से बंद हैं तो मैदानों में आने-जाने के लिए बसों में मारामारी की स्थिति देखी जा रही है। परिवहन निगम के पास पहले से ही बसों की कमी है, उस पर कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी से सेवा का काफी ज्यादा असर पड़ा है। ऐसे में चांदी कट रही है डग्गामार वाहनों की, जो मौके की नजाकत को भांप दो से तीन गुने दाम बढ़ाकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं। यात्री भी निगम की सेवाएं बाध्य होने से निजी वाहनों के सहारे ही सफर करने को मजबूर हैं।
यह भी पढ़ें : महापर्व की तैयारी पूरी, कुमाऊं की दोनों लोकसभा सीटों पर कल होगा मतदान, जानिए
यह भी पढ़ें : जज्बे को सलाम : ससुर और पति ने दी शहादत फिर भी वीरांगना ने दोनों बेटों को बनाया सैनिक