अराजकतत्वों ने पर्यटक का सिर फोड़ा
सितारगंज से भीमताल पहुंचे आठ युवकों के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट कर दी। घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
संवाद सहयोगी, भीमताल : सितारगंज से भीमताल पहुंचे आठ युवकों के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट कर दी। घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया है। इधर, घूमने आए पर्यटकों के साथ मारपीट को लेकर स्थानीय कारोबारियों और लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि इस तरह से अराजकता ठीक नहीं है। पर्यटन सीजन में ऐसे मारपीट के मामलों से भीमताल की छवि खराब हो रही है। उन्होंने तत्काल इन अराजकतत्वों को पकड़ने की मांग की है। रविवार को माउंट एल्वर्न स्कूल के नीचे सितारगंज से घूमने के लिए आए आठ युवक अपनी कार खड़ी कर कार में ही बैठे थे। इसी बीच कुछ युवक वहां पर आए और वाहन हटाने के लिए कहने लगे। जब तक युवक कुछ समझ पाते तब तक वह उन पर टूट पड़े और गाली-गलौच करने लगे। इस बीच अराजकतत्वों ने मो. फैजान के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर दिया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इतने में भी वे युवक शांत नहीं हुए और वाहन से उतारकर उनके अन्य छह साथियों को भी मारने लगे। इसके बाद मौका देख वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही घायल को देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे और पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घायल साथियों के मुताबिक उनके अन्य साथियों को भी अज्ञात लोंगों ने लहुलुहान किया है। घायलों इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. रावत ने बताया कि मो0 फैजान के सर में खुली चोट है और उसको सिटी स्कैन करने के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है। इधर खबर लिखे जाने तक किसी के द्वारा कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
मामला संज्ञान में आया है जिस स्थान पर घटना घटी है वहां से बोट स्टैंड स्थाई तौर पर हटा दिया गया है। अराजकतत्वों को पकड़ने के लिए पुलिस जुटी है। तत्काल उन्हें पकड़कर कार्रवाई की जाएगी। बाहर से आने वाले लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीआर आर्या, कोतवाल