अल्मोड़ा के ग्रामीण की हरियाणा में हत्या, लूट का विरोध करने में गई जान
कृष्णानंद जोशी (52) की हत्या से धुरियानायल ग्राम पंचायत (पनार घाटी) के बाटुली तोक में मातमी सन्नाटा पसर गया। वह वाइन शाॅप में नौकरी कर रहे थे। बुधवार रात बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोला जिसका विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : सोनीपत के जवाहरा (हरियाणा) में कृष्णानंद जोशी (52) की हत्या से धुरियानायल ग्राम पंचायत (पनार घाटी) के बाटुली तोक में मातमी सन्नाटा पसर गया। मगर कृष्णानंद की पत्नी अनहोनी से अनजान है। उसे जरा भी अहसास नहीं है कि जो पति बीवी बच्चों के लिए गांव से दूर दूसरे राज्य में दो जून की रोटी के जुगाड़ में जुटा है, उसका कत्ल कर दिया गया है। गांव में जिन लोगों को सनसनीखेज वारदात का पता लगा भी तो मुंह नहीं खोला है। उधर, सोनीपत पुलिस की सूचना पर कृष्णानंद का पुत्र सोनीपत रवाना हो गया है। मगर वह भी वारदात से अनजान है।
अल्मोड़ा जिला मुख्यालय से करीब 85 किमी दूर पिथौरागढ़ जनपद की सीमा से लगे धुरियानायल के बाटुली तोक निवासी कृष्णानंद जोशी परिवार के गुजर बसर के लिए एक दशक पूर्व नौकरी की तलाश में सोनीपत चले गए थे। वहां जवाहरा में वाइन शॉप में सेल्समैन की नौकरी पकड़ ली। बेटा अनिल जोशी घर की गुजर बसर के लिए किराए में कार चलाने लगा। मगर बीती बुधवार की रात गरीब कृष्णानंद के साथ जो कुछ हुआ, उससे पूरा गांव सन्न रह गया। वाइन शॉप में बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोला। विरोध करने पर कृष्णानंद की निर्मम हत्या कर दी गई। मुख्य दरवाजा न खोलने पर छत के रास्ते भीतर घुसे बदमाशों ने शराब की बोतलें घोंप दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया।
इधर, ग्राम प्रधान जगत सिंह डसीला के मुताबिक 'जागरण' की सूचना के बाद गांव के कुछ ही लोगों को कृष्णानंद की हत्या का पता लग सका। मगर उनकी घर की परिस्थितियों को देखते हुए कृष्णानंद की पत्नी माधवी को कुछ नहीं बताया गया।
पिता को बताया बीमार
ग्राम प्रधान जगत सिंह ने बताया कि सोनीपत पुलिस का कृष्णानंद के बेटे अनिल जोशी के पास फोन आया था। वह तब अल्मोड़ा में था। उसे वहां की पुलिस ने यही बताया है कि उसके पिता गंभीर बीमार हैं।