ऑल सेंटस कॉलेज देश के टॉप 40 स्कूलों में शामिल
प्रसिद्ध पत्रिका फोर्ब्स इंडिया मार्की ने ग्रेट इंडियन स्कूल 2018 मैगजीन के सर्वे में देश के टॉप 40 विद्यालयों में नैनीताल के ऑल सेंटस कॉलेज को शामिल किया है।
By Edited By: Published: Fri, 16 Mar 2018 09:45 PM (IST)Updated: Tue, 20 Mar 2018 09:56 AM (IST)
जागरण संवाददाता, नैनीताल : प्रसिद्ध पत्रिका फोर्ब्स इंडिया मार्की ने ग्रेट इंडियन स्कूल 2018 मैगजीन के सर्वे में देश के टॉप 40 विद्यालयों में नैनीताल के ऑल सेंटस कॉलेज को शामिल किया है। इसके अलावा सर्वे में राज्य के दून स्कूल व इकोले ग्लोबल इंटरनेशनल गर्ल्स स्कूल देहरादून को स्थान मिला है। फोर्ब्स ने निश्चित मानकों के आधार पर विद्यालयों की सूची जारी की। प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि को कुमाऊं अंचल के लिए गौरव का करार दिया है और इसका श्रेय प्रशिक्षित शिक्षकों, स्टाफ की कार्यकुशलता तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया है। प्रधानाचार्य किरन जरमाया ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन बच्चों को विश्व स्तरीय मानकों को ध्यान में रखकर शिक्षा दे रहा है, ताकि छात्राएं आसानी से लक्ष्यों को हासिल कर सकें। विद्यालय की छात्राएं देश नहीं बल्कि दुनिया के अनेक देशों में खुद को स्थापित करने में कामयाब हुई हैं। वर्तमान में बच्चों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिसके कारण फोर्ब्स की मैगजीन में आलसेंट कॉलेज को यह सम्मान दिया है। टॉप 40 में स्थान पाने वालो मेयो कॉलेज अजमेर, इमेराल्ड हाइट स्कूल इंदौर, जेनेसस ग्लोबल स्कूल दिल्ली के अलावा चेन्नई, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हिमांचल व नोएडा आदि स्थानों के विद्यालय शामिल हैं। मानकों में खासकर शिक्षा के अनुकूल शांतिप्रिय वातावरण को शामिल किया गया है। इसके अलावा सुविधाएं, खेल, विद्यालय का इतिहास, कनेक्टिविटी, बच्चों को शैक्षणिक व प्रतियोगिता में प्रदर्शन के साथ पर्यावरणीय शिक्षा को शामिल किया गया है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें