नैनीताल में ओलावृष्टि, पिथौरागढ़ में भारी बर्फबारी का अलर्ट
मौसम के बदले मिजाज से उत्तराखंड में फाल्गुन में सावन और जाड़ा दोनों का एहसास हो रहा है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: मौसम के बदले मिजाज से उत्तराखंड में फाल्गुन में सावन का एहसास हो रहा है। पिछले एक सप्ताह से रुक रुककर बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फ पड़ सकती है। खासकर 2500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ में 3000 मीटर ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की गई है। जबकि नैनीताल, चम्पावत में बारिश के साथ ओलावृष्टि होगी।
बुधवार देर शाम तराई-भाबर समेत समूचे कुमाऊं में मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे और शाम होने पर अनेक स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से तापमान में रोजाना बदलाव हो रहा है। बुधवार को हल्द्वानी-पंतनगर में औसत तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 21.4 और न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मुक्तेश्वर में औसत तापमान में चार डिग्री की कमी आई व अधिकतम तापमान 10.0, न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री रहा। बारिश गर्जना के साथ हो सकती है। साथ में ओलावृष्टि व बर्फबारी के दौरान लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। बारिश के बाद तापमान में दो डिग्री तक की कमी आने की संभावना है।
विक्रम सिंह, निदेशक राज्य मौसम विज्ञान केंद्र नैनीताल में दिन में बारिश, शाम को चली आंधी
नैनीताल : सरोवर नगरी में बुधवार की सुबह से बिगड़ा मौसम शाम को आंधी में तब्दील हो गया। दिन में रिमझिम बारिश हुई। मौसम के इस मिजाज से कड़ाके की ठंड बरकरार है।
बुधवार सुबह हल्की धूप खिलने से लोगों को राहत मिली, परंतु दिन चढ़ते ही आसमान में घने बादलों ने डेरा डाल दिया। दोपहर में हल्की बरसात शुरू हो गई, जो रुक-रुक कर देर शाम तक होती रही। अंधेरा छाने के बाद आंधी चलनी शुरू हो गई। इससे एकाएक पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 12 व न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम 80 व न्यूनतम 55 प्रतिशत दर्ज की गई। वर्षा दो मिमी हुई।