विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Agnipath Scheme Protest : अग्निपथ योजना के खिलाफ चम्पावत में सड़क पर उतरे युवा

By Skand ShuklaEdited By:
Published: Thu, 16 Jun 2022 02:41 PM (IST)

Agnipath Scheme Protest सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का चम्पावत जिले में जमकर विरोध हुआ। गुरुवार को आक्रोशित ...और पढ़ें

Agnipath Scheme Protest : गोल्ज्यू मंदिर में लगाई न्याय की गुहार, पूर्व की भांति सेना भर्ती जारी रखने की मांग
Agnipath Scheme Protest : गोल्ज्यू मंदिर में लगाई न्याय की गुहार, पूर्व की भांति सेना भर्ती जारी रखने की मांग

चम्पावत, जागरण संवाददाता : सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का चम्पावत जिले में जमकर विरोध हुआ। गुरुवार को आक्रोशित युवाओं ने चम्पावत स्टेशन बाजार में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने सरकार से योजना को निरस्त कर पूर्व की भांति सेना भर्ती जारी रखने की मांग की। बाद में युवा गोल्ज्यू दरबार पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। युवाओं ने दो साल पूर्व हुई भर्ती में सफल अभ्यर्थियों को अब तक सेना में शामिल न करने पर भी रोष जताया।

चम्पावत, लोहाघाट, पाटी एवं बाराकोट विकास खंडों से दर्जनों युवा मोटर स्टेशन में जमा हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार के पुतले को भी आग के हवाले कर दिया। कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना युवाओं के हित में नहीं है।

सेना भर्ती पूर्व की भांति होनी चाहिए। कहा कि सरकार को अस्थाई ओवरड्राफ्ट हटाकर स्थाई रूप से पूर्व की तरह भर्ती करानी चाहिए। ऐसा नहीं किया गया तो वे योजना का विरोध जारी रखेंगे। युवाओं को कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी समर्थन दिया और वे उनके साथ गोल्ज्यू दरबार में भी बैठे।

प्रदर्शन में शामिल युवा ब्रजेश महराना, नवीन कापड़ी, अमित सिंह, विक्रांत करायत, प्रेम चंद्र, रविशंकर, आयुष, संदीप आदि ने बताया कि सरकार युवाओं के साथ चार साल की भर्ती का लॉलीपॉप देकर भविष्य को अंधकार में झोंक रही है।

उन्होंने दो साल पहले हुई सेना भर्ती में फिजीकल और मेडिकल पास युवाओं को कॉल लेटर जारी न करने पर भी आक्रोश जताया। कहा कि भर्ती हुए कई युवाओं की उम्र अंतिम पड़ाव में है, परंतु सरकार को उनके भविष्य की चिंता नहीं है।

रोडवेज की बसों को रोकने की भी कोशिश

आक्रोशित युवाओं ने रोडवेज की बसों को रोकने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से वे इसमें सफल नहीं हो पाए। कई युवाओं ने नगर में लगे भाजपा के झंडों और नेताओं के होर्डिंग भी गिरा दिए। अधिकांश युवा हाथों में डंडे लेकर प्रदर्शन में शमिल हुए।

इधर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के पूर्व विधायक पर युवाओं को भड़काने का आरोप लगाया है। कहा कि कांग्रेस का पास खुद विरोध प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ता नहीं हैं लिहाजा पूर्व विधायक युवाओं की आड़ में खुद को चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।