Soldier Bhuvan Bhatt death: दो महीने बाद थी शादी की पहली सालगिरह, मगर पहले ही दुनिया को अलविदा कह गया भुवन
Soldier Bhuvan Bhatt death पंजाब के पटियाला में भाखड़ा के इदिरा नहर में नहाने के दौरान बहने से ऊधम सिंह नगर के जवान भुवन भट्ट का निधन हाे गया। गुरुवार सुबह उनका पार्थिव शरीर घर लाया गया जिससे कोहराम मच गया।
संवाद सहयोगी, शांतिपुरी। Soldier Bhuvan Bhatt death: पंजाब के पटियाला में भाखड़ा के इदिरा नहर में नहाने के दौरान बहने से ऊधम सिंह नगर के जवान भुवन भट्ट का निधन हाे गया। वह पटियाला में ही डीप ऑर्डिनेंस यूनिट में कार्यरत थे।
तीन दिन पहले बहे थे
रविवार को वह अपने चार अन्य साथियों के साथ भाखड़ा के इंदिरा नहर में नहाते वक्त पैर फिसलने से बह गए थे, जिसके बाद से लगातार तीन दिन तक पैरामिलिट्री के तैराक कमांडो, सेना के जवानों और एनडीआरएफ के तैराकों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। तीसरे दिन यूनिट से करीब 85 किलोमीटर दूर राजस्थान बॉर्डर के समीप नहर से भुवन का शव देर रात को बरामद किया गया। जिसके बाद गुरुवार उसके पार्थिव शरीर को जवाहरनगर स्थित निवास पर लाया गया।
10 महीने में ही उजड़ गया पूजा का संसार
दो माह बाद भुवन की शादी की पहली सालगिरह थी, जिसके लिए उसने पत्नी से वादा किया था कि वह छुट्टी लेकर आएगा और सालगिरह साथ में मनाएगा। लेकिन दुर्भाग्य यह रहा की पूजा और भुवन की यह जोड़ी अपनी पहली सालगिरह भी नहीं मना पाए। भुवन चंद्र भट्ट की मौत के बाद पूजा का संसार उजड़ गया है। भुवन का विवाह 10 माह पूर्व 29 नवंबर 2021 में हल्द्वानी झलुवाझाला पूजा से हुआ था।
चंपावत के दूवीधुरा में हुआ था जन्म
चंपावत के देवीधुरा में जन्मे भुवन ने पंतनगर कैंपस से शिक्षा ली थी। शांतिपुरी के स्वतंत्रता सेनानी ग्राम जवाहरनगर सैनिक भुवन चंद्र भट्ट का जन्म उनके पैतृक गांव देवीधुरा के मूलना जाख, तहसील पाटी, जिला चंपावत में एक सितंबर 1990 को हुआ था।
भुवन के पिता भी थे फौज में
भुवन के पिता हरीश दत्त भट्ट फौज में थे और उन्होंने परिवार को सन 1994 में उधम सिंह नगर के शान्तिपुरी ग्राम स्वतंत्रता सेनानी जवाहर नगर गांव में शिफ्ट कर दिया था। जहां से भुवन की प्रारंभिक शिक्षा इंटरमीडिएट तक पंतनगर कैंपस स्कूल से पूरी हुई। भुवन के पिता सेना से रिटायर होकर पंतनगर एयरपोर्ट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगे। भुवन तब अरिहंत प्राइवेट इंस्टिट्यूट हल्दूचौड़ से बीसीए कर रहे थे। तभी वह 2014 में सेना में भर्ती हो गए।