कुमाऊं के 1850 रोडवेज कर्मियों का सर्विस रिकॉर्ड दून तलब, जीएम प्रशासन ने मांगा था ब्यौरा
परिवहन निगम के 1850 कर्मचारियों का डाटा मुख्यालय भेजा गया है। अफसर अब बारीकी से इन कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड चेक करेंगे।
हल्द्वानी, जेएनएन : परिवहन निगम के 1850 कर्मचारियों का डाटा मुख्यालय भेजा गया है। अफसर अब बारीकी से इन कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड चेक करेंगे। सूत्रों की मानें तो पूर्व में विभागीय केस दर्ज होने के बावजूद जिन कर्मचारियों का प्रदर्शन नहीं सुधरा होगा, उनके खिलाफ सीधा मुख्यालय से कार्रवाई के आदेश जारी होंगे।
रोडवेज अपने घाटे की वजह संसाधन व स्टाफ का अभाव बताता है। जबकि कई कर्मचारी ऐसे हैं जो सालों से एक ही जगह पर डटे हुए हैं। पटल परिवर्तन के आदेश होने के बावजूद कई बार यह तैनाती नहीं बदलते। कर्मचारी संगठन के दबाव व मिलीभगत की वजह से स्थानीय स्तर पर इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी। वहीं, हाल में जीएम प्रशासन निधि यादव ने सभी डिपो के कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड मुख्यालय तलब कर लिया। इसमें अक्षम वर्ग के कर्मचारी भी शामिल हैं। कुमाऊं से करीब 1850 कर्मचारियों का डाटा इसमें शामिल है। यह कर्मचारी नैनीताल रीजन के अलग-अलग नौ डिपो में तैनात हैं। इसमें चालक-परिचालक दोनों शामिल हैं। रिकॉर्ड में इस बात का जिक्र है कि इन्होंने अब तक की नौकरी में रूट पर कितने किमी दूरी तय की। परिचालक पर बगैर टिकट सफर कराने से जुड़े विभागीय केस भी दर्ज हैं। वहीं, संभावना है कि सर्विस डाटा का आंकलन करने के बाद दागी कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है।
मुख्यमंत्रियों का सर्विस रिकाॅर्ड तलब
यशपाल सिंह, आरएम संचालन ने बताया कि मुख्यालय ने सभी कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड तलब किया था। नैनीताल रीजन से 1850 कर्मचारी इसमें शामिल है। अंतिम निर्णय मुख्यालय से ही होगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप