बागेश्वर के आदर्श जूनियर हाईस्कूल उडख़ुली को मिलेगा राज्य स्तरीय तरुश्री सम्मान
उडख़ुली का चयन तरुश्री पुरस्कार के लिए होने से जनपद बागेश्वर के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। पुरस्कार के लिए चयनित विद्यालयों की सूचना उत्तराखंड शासन के संयुक्त सचिव जेएल शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा के निदेशक को भेज दी है।
गरुड़ (बागेश्वर), चंद्रशेखर बड़सीला। तहसील गरुड़ के राजकीय आदर्श जूनियर हाईस्कूल उडख़ुली को वर्ष 2019-20 के तरुश्री सम्मान से नवाजा जाएगा। इसी विद्यालय के छात्र शिव कुमार को सर्वश्रेष्ठ ग्रुप लीडर सम्मान दिए जाने पर भी राज्य चयन समिति ने मुहर लगा दी है। सम्मान के रूप में विद्यालय को एक लाख की धनराशि व प्रशस्ति पत्र तथा ग्रुप लीडर छात्र को पांच हजार की धनराशि व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। यह पुरस्कार 2019-20 में सर्वाधिक पौधरोपण के लिए मिलेगा।
जनपद बागेश्वर के गरुड़ तहसील के शिक्षक अपनी मेहनत व लगन से प्रतिवर्ष लगातार राष्ट्रपति पुरस्कार, राज्य स्तरीय शैलेश मटियानी पुरस्कार व राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित होते आ रहे हैं। हाल में उडख़ुली के शिक्षक उमेश जोशी को मध्याह्न भोजन में उत्कृष्ट कार्य करने पर राज्य स्तरीय सम्मान दिया गया है। अब उडख़ुली का चयन तरुश्री पुरस्कार के लिए होने से जनपद बागेश्वर के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। पुरस्कार के लिए चयनित विद्यालयों की सूचना उत्तराखंड शासन के संयुक्त सचिव जेएल शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा के निदेशक को भेज दी है। उडख़ुली का चयन होने पर विधायक चंदन राम दास, पूर्व विधायक ललित फस्र्वाण, ब्लाक प्रमुख हेमा बिष्ट, भाजपा के जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, समग्र शिक्षा उत्तराखंड के उप निदेशक आकाश सारस्वत, सीईओ पदमेंद्र सकलानी आदि ने खुशी जाहिर की।
डेढ़ हजार पौधे रोपे
राआजूहा उडख़ुली के प्रधानाध्यापक शंकर टम्टा व वरिष्ठ शिक्षक उमेश जोशी ने विद्यालय में गठित ईको क्लब के माध्यम से 2019-20 में विद्यालय परिसर के आसपास पांच सौ पौधों का रोपण किया। इसमें बांज, फल्याट, उतीस, अकेशिया, सिल्वर ओक, काफल, देवदार, सुरई आदि चौड़ी पत्ती समेत फूल व फल प्रजाति के पौधे शामिल किए। इसके अलावा उन्होंने ईको क्लब के ग्रुप लीडर छात्र शिव कुमार की मदद से गांव में प्रत्येक परिवार के आंगन में एक-एक पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ईको क्लब के तत्वावधान में प्रसिद्ध कोट भ्रामरी मंदिर, बलि बूबू मंदिर व गांव की बंजर भूमि में भी पांच सौ से अधिक पौधों का रोपण किया। प्रधानाध्यापक शंकर टम्टा ने बताया कि अब तक डेढ़ हजार से अधिक पौधे रोप चुके हैं।
शिव कुमार चयनित होने वाले एकमात्र ग्रुप लीडर
राआजूहा उडख़ुली के छात्र 2019-20 में राज्य में चयनित होने वाले एकमात्र छात्र हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ ग्रुप लीडर सम्मान दिया जाएगा।
राज्य में इन विद्यालयों का हुआ तरुश्री सम्मान के लिए चयन
राप्रावि कोटतल्ला अगत्स्यमुनि, रुद्रप्रयाग
राइका सिकरौढ़ा भगवानपुर, हरिद्वार
राआजूहा उडख़ुली, गरुड़, बागेश्वर