दर्जा राज्यमंत्री के साथ मारपीट करने वाले गिरफ्तार, मंत्री ने कार्य बहिष्कार स्थगित किया
दर्जा राज्यमंत्री संग मारपीट के आरोप में फरार चल रहे दो युवकों को पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। एसओ सुशील कुमार ने बताया कि कोर्ट पेशी के बाद इन्हें जेल भेज दिया गया।
हल्द्वानी, जेएनएन : दर्जा राज्यमंत्री संग मारपीट के आरोप में फरार चल रहे दो युवकों को पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। एसओ सुशील कुमार ने बताया कि कोर्ट पेशी के बाद इन्हें जेल भेज दिया गया। बरेली रोड निवासी सफाई आयोग के उपाध्यक्ष अजय राजौर रविवार दोपहर गांधीनगर स्थित पुस्तैनी घर गए थे। इस बीच दो युवकों ने उनके घर के आगे स्कूटी लगा दी। जिस पर राजौर ने रास्ता छोडऩे की बात कहते हुए गाड़ी हटाने को कहा। आरोप है कि दोनों युवक गालीगलौज व मारपीट पर उतारू हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराया। दर्जामंत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी।गुरुवार को पुलिस ने सद्भावना कॉलोनी लालडांठ निवासी अभिषेक जोशी व जेल रोड वन निगम परिसर निवासी अंकित रावत को गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि अंकित के पास छोटी गाड़ी भी है। जो कि नगर निगम के किराए पर चलती है। चालक की तलाश में दोनों गांधीनगर आए थे। इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री से विवाद हो गया। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवकों का चरस के धंधे से कोई लेना देना नहीं है। पूर्व में दर्जा राज्यमंत्री ने ही यह आरोप लगाया था।
कार्य बहिष्कार स्थगित
दर्जा राज्यमंत्री अजय राजौर संग हुई मारपीट को लेकर आरोपितों पर कार्रवाई नहीं होने से भड़के उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ व देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार सुबह एसपी सिटी से मुलाकात की। हालांकि, आरोपितों की गिरफ्तारी की सूचना पर वह शांत हो गए। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह ने बताया कि शुक्रवार से प्रस्तावित हड़ताल को अब टाल दिया गया है।