Nainital Coronavirus Update: कुमाऊं में शनिवार को 49 मामले सामने आए, नैनीताल में मिले 29 संक्रमित
कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शनिवार को कुमाऊं में 49 नए मामले सामने आए। सर्वाधिक 29 मामले नैनीताल जिले में सामने आए।
हल्द्वानी, जेएनएन : कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शनिवार को कुमाऊं में 49 नए मामले सामने आए। सर्वाधिक 29 मामले नैनीताल जिले में सामने आए। बागेश्वर में सात, अल्मोड़ा में 11, यूएसनगर और चम्पावत में एक-एक मामला सामने आया है। शनिवार को पिथौरागढ़ में एक भी नया मामला सामने नहीं आया। पिथौरागढ़ जिले में अब तक 65 मामले सामने आए हैं, इसमें 15 एक्टिव केस हैं। नैनीताल जिले में गर्भवती समेत 29 नए मामले सामने आए। इसमें 28 रामनगर से हैं। लालकुआं की एक गर्भवती महिला भी कोरोना संक्रमित है। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार मुंबई से स्पेशल ट्रेन से लौटे 26 लोग पॉजिटिव आए थे। इन्हें रामनगर में क्वारंटाइन किया गया था। रामनगर के ही दो और लोग पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा मोटाहल्दू की गर्भवती भी पॉजिटिव आई है। ये तीनों दिल्ली से लौटे थे। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि इन सभी को देर रात तक एसटीएच कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है। 17 दिन तक निगरानी में रखा जाएगा। हल्द्वानी के हीरानगर क्षेत्र में गर्भवती के कोरोना पॉजिटिव होने पर 46 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इन्हें क्वारंटाइन भी किया गया है। मोटाहल्दू व रामनगर से लौटे स्थानीय व्यक्ति के परिजनों को भी क्वारंटाइन किया गया है।
बागेश्वर में सात नए केस
जिले में शनिवार को फिर सात केस पॉजिटिव मिले हैं। अब संख्या 81 पहुंच गई है। पॉजिटिव लोगों को कोविड-19 सेंटर में रखा जा रहा है। स्वाथ्य विभाग के अनुसार जांच नमूनों के आई रिपोर्ट के अनुसार कोरोना संक्रिमित मिले नए मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। सीएमओ डॉ बीएस रावत ने बताया कि अब पॉजिटिव केसों की संख्या 81 हो गई है। जिसमें छह लोग दिल्ली और एक हरियाणा से आया था। वे सभी लोग संस्थागत क्वारंटाइन थे। वर्तमान में कुल सक्रिय केस 27 हैं। 54 लोग स्वस्थ हो गए हैं। एक कि मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अभी तक 1359 लोगों की सैंपलिंग की गई है। शनिवार को 17 लोगों के नमूने जांच को भेजे।
अल्मोड़ा में 11 नए मरीज मिले
जिले में शनिवार को 11 नए मामले सामने आए। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 27 हो गई है। जिले में 8584 लोगों को होम क्वारंटाइन व 219 लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है। कुल संक्रमितों की संख्या 176 पहुंच गई है। अभी तक 146 लोग ठीक होकर घर लौट गए हैं। शनिवार को 42 सैंपल लिए गए हैं। 248 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।
यूएसनगर, चम्पावत में एक-एक केस मिला
ऊधमसिंहनगर जिले में शनिवार को एक मामला सामने आया। जिले में अब तक 229 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 97 एक्टिव केस हैं। तीन मौते हुई हैं। जबकि शेष को छ़ट्टी दी जा चुकी है। जिले में अभी तक 7583 सैंपल लिए गए हैं। वहीं चम्पावत में शनिवार को एक केस मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 53 हो गई है। एक्टिव केस की संख्या पांच है।
यह भी पढ़ें : चम्पावत में होगी कोरोना जांच, एक दिन में आएगी रिपोर्ट