स्टेट हाईवे पर कार असंतुलित होकर खाई में गिरी, हादसे में दो लोगों की हालत गंभीर nainital news
स्टेट हाईवे पर कार असंतुलित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रानीखेत/गरमपानी, जेएनएन : स्टेट हाईवे पर कार असंतुलित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वाहन में गढ़वाल का व्यवसायी सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में अध्ययनरत अपने पुत्र व उसके साथी को छुट्टी पर घर ले जा रहे था।
शुक्रवार को जखोली (रुद्रप्रयाग) का व्यवसायी अब्बल सिंह रावत अल्टो कार यूके13 ए 2972 के चालक गंभीर सिंह के साथ जखौली से सैनिक स्कूल घोड़ाखाल( भवाली) को रवाना हुआ। विद्यालय में अवकाश होने पर वह अपने पुत्र राजदीप व उसके साथी गौरव नेगी को छुट्टी पर घर ले जा रहे थे। चारों लोग शाम को भवाली जखोली को रवाना हुए। स्टेट हाईवे पर बमस्यू के समीप पहुंचे ही थे कि चालक गंभीर सिंह वाहन पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन कार सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। प्रशासन को भी सूचना दी गई। वाहन के अंदर फंसे चारो लोगों को बमुश्किल बाहर निकाल स्टेट हाईवे तक पहुंचाया गया। जहां से रानीखेत में तैनात लोनिवि के सहायक अभियंता दर्शन सिंह नेगी के वाहन से सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। अब्बल सिंह व गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गंभीर सिंह व राजदीप को मामूली चोट पहुंची है।
यह भी पढेंं : सरकार ने हाईकोर्ट में माना एमकेपी कॉलेज देहरादून में किया गया गबन, ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत
यह भी पढें : उत्तराखंड में विमान हादसा टला, लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे बढी फ्लाइट