निकाय चुनाव की फील्डिंग तैयार करने में जुटी कांग्रेस
राज्य में निकाय चुनाव की घोषणा भले अभी न हुई हो, लेकिन राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर से तैयारियों में जुट गए हैं।
By Edited By: Published: Sat, 21 Apr 2018 07:46 PM (IST)Updated: Mon, 23 Apr 2018 05:01 PM (IST)
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : राज्य में निकाय चुनाव की घोषणा भले अभी न हुई हो, लेकिन राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर से तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। वहीं, कांग्रेस भी पीछे नहीं हटना चाहती है। भले कांग्रेस आक्रोश रैली के जरिये भीड़ जुटाने की बात कर रही हो, लेकिन प्रदेश के नेता निकाय चुनाव में अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं। इसके लिए कांग्रेस दिग्गज रविवार को हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में जुटेंगे। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद अनुग्रह नारायण सिंह पहली बार उत्तराखंड आ रहे हैं। वह अपनी शुरुआत हल्द्वानी के स्वराज आश्रम से करेंगे। इस बैठक का सीधा मकसद 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित आक्रोश रैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाना है। कुमाऊं के कांग्रेसी कार्यकर्ता अधिक संख्या में दिल्ली कूच करें, इसके लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरना है। इसमें नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, उपनेता प्रतिपक्ष करन महरा, विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक हरीश धामी, आदेश चौहान शामिल रहेंगे। इसके अलावा कुमाऊं भर से ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य, जिलाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख शामिल रहेंगे। आक्रोश रैली के साथ ही निकाय चुनाव को लेकर भी फील्िडग तैयार करनी है, ताकि भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली को लेकर अपने पक्ष में माहौल बनाया जा सके। बैठक की तैयारियों में शनिवार को जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल व महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल जुटे हुए हैं। इसे लेकर बैठक भी हुई।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें