मंगलौर मंडी समिति में स्वच्छता अभियान को पलीता
संवाद सहयोगी मंगलौर कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में स्वच्छ भारत अभियान को पलीता लगाया जा
संवाद सहयोगी, मंगलौर: कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में स्वच्छ भारत अभियान को पलीता लगाया जा रहा है। जगह-जगह मंडी में गंदगी के ढेर लगे हैं, मक्खी-मच्छर पनप रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार इससे मुंह मोड़े हुए हैं।
तमाम सरकारी विभाग, सामाजिक संस्था स्वच्छता अभियान को लेकर जोर-शोर से मुहिम छेड़े हुए हैं। जगह-जगह जागरूकता अभियान चल रहे हैं। इसके साथ ही लोग हाथों में झाड़ू थामकर गंदगी को साफ कर रहे हैं। बावजूद इसके मंडी समिति में स्वच्छता जागरूकता अभियान का कोई असर दिखाई नहीं दिख रहा है। मंडी परिसर में कूड़े के ढेर लगे हैं। वहीं नालियों की सफाई तक नहीं की गई है। इसके अलावा पूरे मंडी परिसर में मक्खी-मच्छरों की फौज पनपी हुई है। व्यापारी सुधीर बंसल, सुशील शर्मा, अजित शर्मा, जुगमंदरदास, सोमनाथ वर्मा, बलदेवराज, सचिन, वरिष्ठ विपणन अधिकारी बीएस चौहान आदि ने बताया कि मंडी में प्रतिदिन सफाई की जानी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इस संबंध में मंडी समिति के प्रभारी सचिव अशोक कुमार जोशी ने बताया कि मंडी परिसर में सफाई का ठेका दिया गया है। यदि ठेकेदार सफाई ठीक से नहीं करा रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।