खुदकुशी को आई सहारनपुर की महिला को बचाया
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: सहारनपुर की एक महिला ने हरकी पैड़ी से अपने पति को फोन कर
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: सहारनपुर की एक महिला ने हरकी पैड़ी से अपने पति को फोन कर बताया कि वह खुदकुशी करने जा रही है। यह सुनकर महिला के ससुराल व मायके वालों में हड़कंप मच गया। मायके वालों की सूचना पर हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने महिला को गंगा घाट से ढूंढ निकाला। खुदकुशी करने से पहले ही महिला को पुलिस ने बचा लिया। हरिद्वार पहुंचे महिला के परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
सहारनपुर के मिशन कंपाउंड क्षेत्र की एक महिला परिवार में अनबन होने पर शनिवार की सुबह हरिद्वार चली आई। उसने हरकी पैड़ी गंगा घाट से अपने पति को फोन कर बताया कि वह हरिद्वार आ गई है और खुदकुशी करने जा रही है। पति ने महिला के मायके वालों को सूचना दी, जिसके बाद महिला की बहन ने हरिद्वार कोतवाल प्रवीण कोश्वारी से संपर्क साधा। पूरी बात सुनकर कोतवाल ने व्हाटसएप पर महिला के फोटो मंगाए और हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी अजय कुमार शाह को महिला की तलाश में लगाया। हरकी पैड़ी पुलिस चौकी की टीम ने गंगा घाटों पर अभियान चलाकर महिला को ढूंढ निकाला। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह खुदकुशी करने के इरादे से ही हरिद्वार आई थी। कुछ देर तक अगर पुलिस उसे नहीं ढूंढती तो वह गंगा में छलांग लगा चुकी होती। पुलिस की सूचना पर महिला के परिजन हरिद्वार पहुंच गए।
उन्होंने महिला को समझाने-बुझाने के साथ ही हरिद्वार पुलिस को धन्यवाद दिया। उनका कहना था कि हरिद्वार पुलिस की तत्परता से महिला की जान बच गई है। महिला को ढूंढने में थोड़ी भी देर हो जाती तो वह मौत को गले लगा चुकी होती। परिजन महिला को लेकर सहारनपुर लौट गए। शहर कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।