लकड़ी बीनने गर्इ दो महिलाओं पर हाथी ने किया हमला, एक की मौत
हरिद्वार के कलियर में हाथी दो महिलाओं पर हमला बोल दिया। जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गर्इ।
कलियर, जेएनएन। राजाजी नेशनल पार्क की सीमा में लकड़ी बीनने गई एक महिला को हाथी ने मौत के घाट उतार दिया। जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका का शव पुलिस ने कब्जे में लिया है। घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
बुग्गावाला थाना क्षेत्र के बंदरजुड़ गांव के पास ही राजाजी नेशनल पार्क की सीमा है। रविवार दोपहर को बंदरजुड़ गांव निवासी हुसैन की पत्नी फातिमा (48) और खुर्शीद की पत्नी इशराना (45) राजाजी नेशनल पार्क की धौलखंड रेंज में लकड़ी बीनने गई थी। लकड़ी बीनने के दौरान ही अचानक एक हाथी ने इन दोनों पर हमला कर दिया। हाथी ने फातिमा और इशराना को जमीन पर पटक दिया। इसी बीच कुछ ग्रामीण उधर से निकले तो उनकी नजर हाथी पर पड़ी। कुछ देर बाद हाथी वहां से चला गया।
इसके बाद ग्रामीण हमले में घायल हुई दोनों महिलाओं के पास पहुंचे। जैसे ही ग्रामीण वहां पर पहुंचे तो पता चला कि फातिमा (48) पत्नी हुसैन की मौत हो चुकी है। महिला की मौत से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आननफानन में इसकी सूचना गांव के अन्य ग्रामीणों को दी गई। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल इशराना को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बुग्गावाला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फातिमा के शव को कब्जे में लिया है। घटना को लेकर गांव में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी नंद कुमार गवाड़ी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस बावत वन विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।
यह भी पढ़ें: कॉर्बेट नेशनल पार्क में फोटो खींचने पर भड़का हाथी, पर्यटकों पर किया हमला
यह भी पढ़ें: हाई कोर्ट के आदेश के बाद जल्द छोड़ी जा सकती हैं कब्जे में ली गई आठ हथिनियां
यह भी पढ़े: एक सप्ताह से घायल घूम रहा टस्कर हाथी नेशनल हाईवे पर आया, इलाज की कोशिश