पति और प्रेमिका ने महिला को पीटा
संवाद सूत्र, लक्सर: बीमार मां को देखने मायके गई पत्नी की गैरमौजूदगी में पति ने प्रेमिका को घर
संवाद सूत्र, लक्सर: बीमार मां को देखने मायके गई पत्नी की गैरमौजूदगी में पति ने प्रेमिका को घर पर बुला लिया। इस बीच पत्नी अचानक लौट आई। पति को दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख पत्नी ने विरोध किया तो पति व प्रेमिका ने महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। महिला ने पुलिस से शिकायत की है।
नगर से सटे एक गांव निवासी एक महिला की शादी करीब दस वर्ष पूर्व लक्सर कोतवाली के ही एक गांव में हुई है। महिला के चार बच्चे भी हैं। बताया गया कि महिला के पति का गांव की ही एक दूसरी महिला के साथ पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर मिलते रहते थे। रविवार शाम के समय महिला को उसके मायके से फोन आया कि उनकी मां की तबीयत खराब है। इस पर सोमवार की सुबह महिला अपनी दो बेटियों के साथ मायके आ गई। महिला घर पर दो-चार दिन मायके में रहकर आने की बात कहकर आई थी। पत्नी के मायके जाने पर महिला के पति ने प्रेमिका को घर बुला लिया। उधर, मायके पहुंची महिला को वहां जाकर पता लगा कि उसकी मां की तबीयत मामूली खराब हुई थी। इस पर मां को देखने के बाद महिला सोमवार को ही लौट आई। घर में आकर उसने पति को प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो वह सन्न रह गई। महिला ने शोर मचाते हुए अपने पति को खरी खोटी सुनानी शुरू कर दी। आरोप है कि इस पर उसका पति भड़क गया तथा पति और प्रेमिका ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में महिला चोटिल हो गई। इसके बाद उसके पति ने दोनों बेटियों के साथ उसे घर से निकाल दिया। महिला दोनों बेटियों के साथ कोतवाली पहुंची तथा पुलिस से शिकायत की। एसएसआइ जगमोहन रमोला ने बताया कि महिला ने पति व एक महिला पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है।