किसानों को बर्बाद कर देंगे यह अध्यादेश: फुरकान
पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि किसान अध्यादेश किसानों के हित में नहीं है। यदि आज नहीं जागे तो आने वाले दिनों में किसानों को यह अध्यादेश बर्बाद कर देंगे।
संवाद सूत्र, बहादराबाद: पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि किसान अध्यादेश किसानों के हित में नहीं है। यदि आज नहीं जागे तो आने वाले दिनों में किसानों को यह अध्यादेश बर्बाद कर देंगे।
सोमवार को बैंक्वेंट हॉल में आयोजित किसान कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि फुरकान अहमद ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। सरकार जनहित के मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुशील राठी ने कहा कि कृषि कानून किसानों को बर्बाद करने के लिए लाए गए हैं। ये कानून किसानों की बजाय पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाए गए हैं, कहा कि केंद्र सरकार ने छह साल में किसानों के हित में कोई ऐसा कार्य नहीं किया है, जिसे याद किया जा सके। इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व भेल के श्रमिक नेता राजवीर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानूनों से किसानों को अपनी फसलों के वाजिब दाम नहीं मिलेगा। गन्ना किसानों को पिछला भुगतान अभी तक नहीं मिला है, जिससे किसान परेशान हैं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बरखा रानी ने कहा कि आने वाले पंचायत चुनाव में सभी मिलकर कांग्रेस को जिताएं, ताकि जिला पंचायत अध्यक्ष पद कांग्रेस को मिल सके। इस दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुशील राठी ने बोंगला निवासी उधम सिंह चौहान को प्रदेश उपाध्यक्ष, आलोक चौहान को जिला उपाध्यक्ष, मुकुल चौहान को जिला महासचिव मनोनीत किया। सम्मेलन की अध्यक्षता किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सेठपाल परमार और संचालन कार्यक्रम संयोजक विजयपाल सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व चैयरमैन एफएसएस बहादराबाद नीरज सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष अनिल कथूरिया, नरेश, संजय भारती, संजीव चौहान, सुरेश राजपूत, अमन कुमार, नफीस, भागमल कश्यप आदि मौजूद रहे।