विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार: पत्नी निकली कातिल, शराब में नींद की गोली मिलाकर पिलाई; फिर बेटी के साथ तकिये से मुंह दबाकर की हत्या

Published: Sat, 04 Apr 2026 09:44 PM (IST)

श्यामपुर के लाहड़पुर गांव में एक ग्रामीण की संदिग्ध मौत का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला कि ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, श्यामपुर (हरिद्वार)। लाहड़पुर गांव में ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में कथित आत्महत्या के पीछे हत्या की खौफनाक साजिश निकल कर सामने आई। ग्रामीण की पत्नी ही उसकी कातिल निकली।

पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि अवैध संबंध पर रोक-टोक करने और विरोध करने पर पत्नी ने पहले शराब में नींद की गोली मिलाकर पिलाई।

फिर अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर तकिये से मुंह दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर लिया।

Haridwar Police Team

मायापुर कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि दो अप्रैल को लाहड़पुर निवासी पूजा ने कोतवाली श्यामपुर में सूचना दी कि उसके पति बबलू ने जहर खाकर मौत को गले लगा लिया है।

सूचना मिलते ही तत्कालीन कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी मौके पर पहुंचे और फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए।

पूछताछ में आसपास के ग्रामीणों ने महिला को ही पति को जहर देकर हत्या करने का अंदेशा जताया था। घटना के बाद पुलिस उसके मौत के कारण की तलाश में जुट गई थी।

पूछताछ में महिला के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने तकिये से मुंह दबाकर पिता की हत्या की है। सख्ती से पूछताछ में आरोपित पत्नी ने जुर्म स्वीकारते हुए कहा कि किसी के साथ उसके अवैध संबंध है।

बबलू को इसकी भनक लग चुकी थी, जिसका वह विरोध करता था। घटना की रात भी बबलू अपनी पत्नी और बेटी को इस प्रकार की हरकत नहीं करने के लिए समझा रहा था।

इसके बाद महिला और उसकी नाबालिग बेटी ने पहले उसे शराब में नींद की गोली मिलाकर पिलाई और उसके सोने के बाद चारपाई में दुपट्टे से उसके हाथ पैर बांध कर तकिए से उसका गला घोंट दिया।

जब उसकी जान चली गई तो सलफास को पानी में घोल उसके मुंह में डाल दिया, जिससे वो हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या लगे।

सीओ सिटी शिशुपाल नेगी ने बताया कि आरोपित पूजा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसकी नाबालिग बेटी को संरक्षण में रखा गया है। घटना में एक और युवक के शामिल होने का अंदेशा जताया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी, अपर उप निरीक्षक रविंद्र गौड, कांस्टेबल सुदेश खरोला, मनमोहन सैनी, महिला कांस्टेबल रेशमा सुल्ताना, माधुरी, चालक मोहन सिंह रावत, महिला होम गार्ड रीना रानी और सीआइयू से वसीम शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार: महिला की मौत के दफनाने की हो रही थी तैयारी, पहुंची पुलिस तो मचा हड़कंप

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में पुलिस हिरासत में आरोपी की मौत, CJM कोर्ट में पकड़ा गया था; हार्ट अटैक की आशंका