प्रेमिका के चक्कर में पत्नी का गला दबाया, बची जान
एक महिला का उसके पति ने गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया।
जागरण संवाददाता, रुड़की : एक महिला का उसके पति ने गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि उस समय उसके जेठ का बेटा कमरे में आ गया और उसे किसी तरह से बचाया। आरोप है कि प्रेमिका के चक्कर में पति उसे रास्ते से हटाने का प्रयास कर रहा है। महिला ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी एक महिला की शादी सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के गांव में हुई थी। महिला के पति की मौत के बाद देवर से उसकी शादी कर दी गई। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे पिछले कुछ समय से परेशान कर रहा है। सोमवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर महिला ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसका पति कहीं बाहर नौकरी करता है। उसके पति का किसी युवती के साथ चक्कर है। महिला को जब इस बात की जानकारी हुई तो उसने पति की हरकतों का विरोध किया। इसके चलते ही पति आए दिन उसकी पिटाई करता है। महिला का आरोप है कि सोमवार सुबह पति ने उसकी पिटाई करते हुए कमरे के अंदर उसका गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। इसी दौरान उसका भतीजा वहां पर आ गया। भतीजे ने किसी तरह से उसे पति के चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद महिला ने अपने मायके पक्ष को इसकी सूचना दी। मायके पक्ष के लोग उसे लेकर सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। बताया कि मामला महिला हेल्पलाइन भेजा दिया है।