कृषि-मौसम सेवाएं किसानों के लिए लाभकारी
जागरण संवाददाता रुड़की भगवानपुर विकासखंड के सिकंदरपुर भैंसवाल गांव में बुधवार को किसान
जागरण संवाददाता, रुड़की: भगवानपुर विकासखंड के सिकंदरपुर भैंसवाल गांव में बुधवार को किसान जागरूकता कार्यक्रम में वक्ताओं ने किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन आइआइटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि-मौसम सेवा परियोजना (जीकेएमएस) व भू-अमृत फार्मर प्रोड्यूसर संस्था के सहयोग से किया गया।
जीकेएमएस परियोजना के नोडल अधिकारी प्रो. आशीष पाण्डेय ने किसानों को दी जाने वाली कृषि-मौसम सलाहकारी सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना की वेबसाइट के माध्यम से प्रतिदिन के मौसम तथा मौसम आधारित कृषि परामर्श बुलेटिन हिन्दी भाषा में देखा जा सकता है। इससे उन्हें खेती-किसानी सम्बन्धी कार्यों को संपादित करने में सहूलियत मिलेगी। राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान रुड़की के पूर्व निदेशक तथा आइआइटी के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में अतिथि प्राध्यापक डॉ. आरडी सिंह ने किसानों को बदलती जलवायु की परिस्थितियों में अपने कृषि कार्य में बरती जाने वाली सावधानियों पर जानकारी दी। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश गर्ग ने बताया कि भगवानपुर ब्लॉक में 20 सितंबर से पशुओं को खुरपका, मुंहपका तथा लंगड़ा बुखार से बचाव का टीकाकरण किया जाएगा। पशुपालक इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। सहायक कृषि अधिकारी प्रथम दिनेश कुमार तथा अंबुजा सीमेंट के प्रोग्राम मैनेजर राजन कपूर ने भी विचार रखे। प्रगतिशील कृषक रवि किरन सैनी तथा गुरविदर सिंह ने कृषि-मौसम सलाहकारी सेवाओं के बारे में अपने अनुभव किसानों के साथ साझा किए। कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण कृषि-मौसम सेवा परियोजना के तकनीकी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने किया। इस मौके पर सहायक कृषि अधिकारी द्वितीय सुरेन्द्र कुमार, मौसम प्रेक्षक रोहित गिरि, किसान दीपक, तीरथपाल, सुशील कुमार, ओम प्रकाश सैनी, रेखा, रमेती, सुनीता, नीलम सहित आसपास के गावों से काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।