- लोनिवि की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे ग्रामीण
संवाद सूत्र, झबरेड़ा : इकबालपुर-आसफनगर मार्ग की हालत खस्ता है। तीन साल से मार्ग की मरम्मत का क
संवाद सूत्र, झबरेड़ा : इकबालपुर-आसफनगर मार्ग की हालत खस्ता है। तीन साल से मार्ग की मरम्मत का काम चल रहा है। कांग्रेस के शासनकाल मे शुरू हुआ काम भाजपा सरकार के दो साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही का खामियाजा 50 से अधिक गांव के ग्रामीण भुगत रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी किसानों को चीनी मिल तक गन्ना लाने में उठानी पड़ रही है। आठ जनवरी को झबरेड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री से भी इसकी शिकायत की थी।
करीब एक दशक से झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के इकबालपुर-आसफनगर मार्ग की हालत खस्ता है। इस मार्ग पर 50 से अधिक गांव के लोग गुजरते हैं। इसके अलावा यह मार्ग रुड़की, मंगलौर को उत्तर प्रदेश से भी जोड़ता है। तीन साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस मार्ग की मरम्मत का काम शुरू कराया था। लेकिन विधानसभा चुनाव आते ही इस मार्ग का निर्माण ठंडे बस्ते में चला गया। बीच-बीच में कुछ जगह काम भी हुआ, लेकिन अधिकांश जगह रेत, बजरी पड़ी हुई है। जिस वजह से यहां पर कई हादसे भी हो चुके हैं।
'इस मार्ग से बड़ी संख्या में किसान गुजरते हैं। लेकिन सरकार इस मार्ग की मरम्मत नहीं करा रही है। इसकी वजह से किसानों में भी आक्रोश है। हर दिन गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पलट रही हैं।'
...सोनू
'तीन साल से मार्ग पर रेत, बजरी पड़ी हुई है। कोई भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। पूरे जिले में सड़कों का निर्माण हो रहा हैं, लेकिन इस मार्ग का निर्माण नहीं हो रहा है।'
...मोहम्मद उस्मान
'क्षेत्र के 50 से अधिक गांव के लोगों का यह मुख्य मार्ग है। बावजूद इसके तीन साल से मार्ग की मरम्मत नहीं हो पाई है। कई बार शिकायत की जा चुकी है। जनप्रतिनिधियों को भी इस बारे में अवगत कराया गया।'
...नौशाद अली
'इस मार्ग से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। दोपहिया वाहन सवार तो आए दिन चोटिल हो रहे हैं। लोग लंबे समय से सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं।
...विजय कश्यप
----
'इस संबंध में मुख्यमंत्री की ओर से भी घोषणा की गई थी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि जल्द सड़क की मरम्मत का काम पूरा करें। जल्द काम पूरा होने की उम्मीद है।'
देशराज कर्णवाल, विधायक, झबरेड़ा
----
'मुझे कुछ दिन पहले ही रुड़की खंड का चार्ज मिला है। सड़क की मरम्मत किस वजह से नहीं हो पाई है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।'
सत्यवीर ¨सह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग