- कलियर में स्थापित होगा फरीद इंस्टीट्यूट
संवाद सूत्र, कलियर: मौलाना अबुल कलाम आजाद यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर पद्मश्री प्रोफेसर अख्तरुल व
संवाद सूत्र, कलियर: मौलाना अबुल कलाम आजाद यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर पद्मश्री प्रोफेसर अख्तरुल वासे ने कलियर पहुंचकर फरीद इंस्टीट्यूट के लिए भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दरगाह में चादरपोशी करते हुए मुल्क और कौम की सलामती की दुआ मांगी।
केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के निर्देश पर वाइस चांसलर पद्मश्री प्रोफेसर अख्तरुल वासे सोमवार को कलियर पहुंचे। यहां पर सबसे पहले वक्फ बोर्ड के सीईओ अलीम अंसारी ने उनकी अगुवानी की। इस दौरान प्रोफेसर अख्तरुल वासे ने बताया कि कलियर में फरीद इंस्टीट्यूट स्थापित किया जाएगा। इस संस्थान में बच्चों को रोजगारपरक शिक्षा दी जाएगी। रोजगारपरक शिक्षा से कौम और समाज का भला होगा। उसके बाद उन्होंने जमीन का निरीक्षण भी किया। साथ ही आसपास के माहौल को भी देखा। उन्होंने कहा कि सूफी, संत और महात्माओं के बताए रास्ते पर चलकर ही देश का भला होगा। कलियर में सूफी परंपरा को पूरे देश के लोग अहमियत देते हैं। इससे पहले उन्होंने दरगाह में चादरपोशी की। उन्होंने बताया कि वह पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय को देंगे। इस मौके पर शायर अफजल मंगलौरी, आसिफ, नदीम, मोहम्मद उसमान, नफीस अल्वी आदि मौजूद रहे।