.दफ्तरों में रहा छुट्टी जैसा माहौल
जागरण संवाददाता हरिद्वार लोकसभा चुनाव गुरुवार को भले संपन्न हो गया है लेकिन दफ्तरों में श्
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया गुरुवार को भले संपन्न हो गई है, लेकिन दफ्तरों में शुक्रवार को भी छुट्टी जैसा माहौल रहा। तहसील में जहां सन्नाटा पसरा रहा, वहीं नगर निगम के अधिकांश अनुभागों में ताले लटके रहे। दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारियों के न मिलने से फरियादियों को बैरंग लौटना पड़ा। शनिवार को रामनवमी और रविवार को अवकाश के बाद अब सोमवार से ही दफ्तरों का कामकाज पटरी पर आने की उम्मीद है।
लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की निर्वाचन में ड्यूटी लगी थी। कई दिन से कर्मचारी निर्वाचन संबंधी कार्य में जुटे थे। गुरुवार को मतदान संपन्न हो गया, लेकिन दफ्तरों का कामकाज अभी ढर्रे पर नहीं आ पाया है। शुक्रवार को निर्वाचन से जुड़े कार्मिकों की छुट्टी थी। दफ्तरों में बहुत कम कर्मचारी थे लेकिन कामकाज नहीं चल रहा था। तहसील में तो सन्नाटा पसरा था। अनुभागों में ताले लटके थे। हालांकि परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर पर भीड़ अवश्य दिखी। नगर निगम में भी छुट्टी जैसा माहौल रहा। नगर आयुक्त कार्यालय तो खुला था, लेकिन अपनी जगह पर अधिकारी और कर्मचारी नहीं दिखे। रोकड़ अनुभाग के अलावा एक दो अनुभाग में कर्मचारी बैठे थे, लेकिन परिसर में वीरानी छाई थी। ऊर्जा निगम, प्राधिकरण, वन विभाग, बाट माप समेत अन्य विभागों में भी सन्नाटा पसरा था। बैंकों में भी कार्मिकों का अभाव दिखा। जरूरी कार्य से आने वाले लोगों को सोमवार को आने की बात कही गई। दफ्तरों में फाइलों का लगा ढेर
हरिद्वार: सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की निर्वाचन में ड्यूटी के चलते फरियादियों के प्रमाण पत्रों के अलावा खतौनियों की नकल, दाखिल-खारिज, पैमाइश आदि कार्य कार्य लंबित पड़े हैं। फाइलों का ढेर लगा है। सोमवार को व्यवस्था पटरी पर आएगी लेकिन इसे गति पकड़ने में अभी वक्त लगेगा।