विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में सड़क हादसा: कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, तीन की मौत और 10 घायल

Published: Sun, 27 Sep 2026 09:26 PM (IST)

उत्तराखंड के लंढौरा में एक भीषण सड़क हादसे में कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दस अन्य घायल हो गए।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी, तीन की मौत।

  2. शादी समारोह में जा रहे परिवार के सदस्य घायल हुए।

  3. छह गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।

संवाद सूत्र, लंढौरा। ढंढेरा के मिलापनगर से परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने लक्सर जा रहे लोगों के ई-रिक्शा को थिथोला गांव के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें सवार महिला, बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अरशद (30) और दिलशाद (30) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आठ वर्षीय उमर ने रास्ते में दम तोड़ दिया। स्वजन उसका शव घर ले गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल छह लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा स्थित मिलापनगर निवासी अरशद और दिलशाद रविवार देर शाम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ई-रिक्शा से लक्सर क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

ई-रिक्शा में बच्चों समेत करीब 13 लोग सवार थे। बताया गया कि थिथौला से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रही कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद मची अफरातफरी

ई-रिक्शा पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अरशद और दिलशाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आठ वर्षीय उमर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। स्वजन उमर के शव को अस्पताल से घर ले गए।

वहीं हादसे में खतीजा (25), रिहाना (26), अमरिया (1), इनायत (6), आयत (8) और अरहम (4) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं समैया (26), नाजमा (26), नईमा (32) और अनस (4) का रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।

कार छोड़कर चालक फरार, पुलिस ने कब्जे में ली

हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी नवीन चौहान ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शनिवार रात भी एक व्यक्ति की हुई थी लक्सर मार्ग पर मौत

शनिवार की रात को भी लंढोरा में सड़क हादसे में ग्रामीण की मौत हुई थी जिसमें शनिवार की देर शाम बुड्डाहेड़ी निवासी राशिद को टैंकर ने चपेट में ले लिया था। जिससे उसके मौके पर ही मौत हो गई थी।