रुड़की में भैंस को डंडा मारने के बाद दो पक्ष आपस में भिड़े, जमकर हुआ पथराव; चार लोग घायल
रुड़की शहर के निकटवर्ती टोडा एहतमाल गांव में एक भैंस को डंडा मारने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। इसमें एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए।
रुड़की, जेएनएन। शहर के निकटवर्ती टोडा एहतमाल गांव में एक भैंस को डंडा मारने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। दोनों पक्षों के बीच पहले लाठी-डंडे चले फिर पथराव हो गया। पथराव के चपेट में आने से एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। पुलिस के आने पर एक पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति है।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के टोडा एहतमाल गांव निवासी एक ग्रामीण शुक्रवार की देर शाम भैंस लेकर अपने घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में वह एक चाय की दुकान के पास से निकला। चाय विक्रेता ने भैंस को डंडा मार दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट हो गई।
मारपीट की जानकारी जैसे ही दोनों पक्ष के लोगों को हुई तो वह भी हाथों में लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और आपस में भिड़ पड़े। जिससे मौके पर जमकर हंगामा हुआ। इसी बीच दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। पथराव होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने को घरों में दुबक गए। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना सिविल लाइन पुलिस को दे दी। गांव में बवाल की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
यह भी पढ़ें: दो पक्षों में विवाद के बाद हुए पथराव ने ली सात महीने के मासूम की जान
पुलिस को देखते ही आरोपित पक्ष के लोग भागने लगे। पुलिस ने लाठी फटकार कर मौके पर मौजूद भीड़ को खदेड़ दिया। पथराव में एक पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नही दी गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, चार लोग हुए घायल; गांव में पुलिस बल तैनात