कांवड़ यात्रा में परेशानियां बढ़ायेगा शहर का यातायात प्लान
जागरण संवाददाता रुड़की कांवड़ में इस बार भी यातायात का प्लान सिरदर्द बनने वाला है। इस बार
जागरण संवाददाता, रुड़की: कांवड़ में इस बार भी यातायात का प्लान सिरदर्द बनने वाला है। इस बार भी शहर के लोगों को हाईवे पर परेशानी उठानी पड़ेगी। कावंड पटरी के साथ साथ कांवड़ियों का हाईवे पर भी कब्जा होता है। वहीं इसके अलावा शहर के अंदर से गुजरने वाले कांवड़ियों के रास्ते पर भी गलत जगह बेरीकेडिंग होने से शहर के लोगों को परेशानी होती है। वहीं बार बार शहर के अंदर जाम लगता है। इसे लेकर अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे है।
शहर में पिछले कुछ सालों से जाम परेशानी का सबब बना हुआ है। शहर को जाम से बचाने के लिए अधिकारी तमाम तरह के दावे तो करते है, लेकिन अभी तक धरातल पर इसका असर नहीं हुआ है। जिसके कारण शहर में हर दिन जाम लगता है। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन इस बार भी कांवड़ यात्रियों को गंगनहर पटरी से निकालने की तैयारी में है। जिसके चलते शहर के लोगों के लिए कांवड़ मार्ग बंद रहेगा। वहीं हाईवे से ही लोगों को आना जाना होगा, लेकिन कांवड़िये हाईवे पर भी कब्जा कर लेते है। जिसके चलते हाईवे पर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कांवड़ियों के रैले के आगे पुलिस के सारे इंतजाम धड़ाम हो जाते है। शहर के अंदर से जिन प्वाइंटों से कांवड़ियों का मार्ग जाता है। वहा पर पिछले कुछ सालों से पुलिस की तरफ से गलत ढंग से बेरीकेडिंग की जाती है। जिसके चलते शहर के लोगों गंगनहर के इस पार से दूसरे पार जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। कई रास्ते बंद कर दिए जाते है, लेकिन लोगों को सही रूट बताने के लिए किसी तरह के संकेतक नहीं लगाये जाते है। इस बार भी लोगों को इस तरह की दिक्कते सामने आने का डर सता रहा है। वहीं एसपी देहात नवनीत सिंह का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शहर के लोगों के आने जाने का ध्यान रखा जाएगा। शहर के लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।