शाम होते ही जाम हो गया रुड़की शहर
जागरण संवाददाता रुड़की शाम होते ही रुड़की शहर में सड़कों पर जाम लग गया। जाम की वजह
जागरण संवाददाता, रुड़की: शाम होते ही रुड़की शहर में सड़कों पर जाम लग गया। जाम की वजह से शहरवासियों के लिए चौराहों को पार करना मुश्किल हो गया। रात तक जाम की स्थिति बनी रही।
सुबह से तो रुड़की शहर में रुक-रुककर जाम लग रहा था। दोपहर के समय कुछ स्कूलों की छुट्टी होने की वजह से शहर के अंदर के पुलों पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे जाम को खुलवा दिया लेकिन शाम छह बजे से रुड़की शहर में फिर से जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया। रोडवेज बस अड्डे से लेकर सोलानी नदी के पुल के करीब एक किमी लंबे रास्ते को पार करने में डेढ़ घंटे से भी अधिक का समय लग गया। वहीं शाम को मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक कांवड़ की वजह से भी वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। कांवड़ को शहर से निकालने में ही काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे पर पड़ने वाले चौराहों को पार करने में शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके चलते सीपीयू और थाना पुलिस को दिल्ली-हरिद्वार राजमार्ग पर भेजा गया। पुलिसकर्मी भी वाहनों के आगे बेबस नजर आए। इसके बाद कुछ भारी वाहनों को बेलड़ा बाईपास के समीप रोका गया। रात तक शहर में जाम की स्थिति बनी रही।