सार्वजनिक स्थानों पर पसरी गंदगी पर महापौर को घेरा
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सुनील अग्रवाल गुड्डू ने बुधवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र के अलावा मोती बाजार और कुशावर्त घाट का भ्रमण कर सफाई पथ प्रकाश आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सुनील अग्रवाल गुड्डू ने बुधवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र के अलावा मोती बाजार और कुशावर्त घाट का भ्रमण कर सफाई, पथ प्रकाश आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जगह-जगह गंदगी पर उन्होंने नाराजगी जताई। सार्वजनिक स्थानों पर पसरी गंदगी के लिए महापौर को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने महापौर अनिता शर्मा और उनके पति व पूर्व सभासद अशोक शर्मा की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाया। उन्होंने कहा कि महापौर और उनके पति को शहर में चल रहे विकास कार्यों के चलते जगह-जगह खोदे गए गड्ढे तो दिख रहे हैं, लेकिन धार्मिक स्थलों पर पसरी गंदगी नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि शहर को साफ सुथरा रखने की जिम्मेदारी महापौर की है। आरोप लगाया कि महापौर के पति अशोक शर्मा केआरएल से सांठगांठ में लिप्त रहते हैं। निगम और शहर की सफाई की ओर उनका तनिक भी ध्यान नहीं है। सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद नेता प्रतिपक्ष ने मां गंगा का आशीर्वाद लिया। गंगा सभा के पदाधिकारियों से भी भेंट की। इस दौरान पार्षद नितिन शर्मा, राधेकृष्ण शर्मा, लोकेश पाल आदि मौजूद रहे।