भाजपा सरकार बनने के बाद बदली देश की छवि
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकत्र्ताओं की पार्टी है।
संवाद सूत्र, झबरेड़ा: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकत्र्ताओं की पार्टी है। भाजपा केवल चुनाव में ही सक्रिय नहीं रहती है, बल्कि 24 घंटे पार्टी का एक-एक कार्यकत्र्ता संगठन को मजबूत करने का काम करता है। बंशीधर भगत ने यह बात झबरेड़ा में कार्यकत्र्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में कही।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी देने एवं पार्टी को मजबूत करने के लिए वह 70 विधान सभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। 13 विधानसभा में वह जा भी चुके हैं। इसी बीच श्री रामंदिर निर्माण कार्य के लिए सहयोग निधि कार्यक्रम शुरू हो गया है। अब वह उस कार्य में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही 2022 में सरकार बनाएगी। किसी से कोई मुकाबला ही नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। 10 साल में भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता है। इस मौके पर पूर्व विधायक चौधरी यशवीर सिंह ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव में एक साल से कम का समय रह गया है। इसलिए सभी को तैयारियों में जुट जाना चाहिए। विधायक देशराज कर्णवाल ने कहा कि इकबालपुर चीनी मिल की ओर से अभी तक दो साल के बकाया का भुगतान नहीं किया गया है।
इसकी वजह से क्षेत्र के किसान परेशान है। इस पर संगठन के स्तर से कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व दायित्वधारी डॉ. गौरव चौधरी ने कहा कि कस्बों को भी विकास प्राधिकरण से जोड़ा गया है जोकि गलत है। इससे ग्रामीण जनता को परेशानी हो रही है। प्रशासन परेशान कर रहा है। इसलिए कस्बों को प्राधिकरण से मुक्त रखा जाए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी मानवेंद्र सिंह, वैजयंती माला डॉ. जोध सिंह, इंद्रेश मोती, मुकेश कश्यप, पार्षद विवेक चौधरी आदि मौजूद रहे।