गांव में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, फैली दहशत
संवाद सूत्र लक्सर सेठ्पर गांव में गुरुवार को एक विशालकाय मगरमच्छ घुस आया। मगरमच्छ को देख
संवाद सूत्र, लक्सर: सेठ्पर गांव में गुरुवार को एक विशालकाय मगरमच्छ घुस आया। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई, जिस पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी, लेकिन टीम के आने से पहले ही मगरमच्छ गांव के निकट गन्ने के खेत में घुस गया, उसे पकड़ा नहीं जा सका। मगरमच्छ गांव के हनीफ़ व प्रीतम सिंह के घर के पास पहुंच गया। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ ग्रामीण हिम्मत जुटाकर लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ गए तथा उन्होंने मगरमच्छ को गांव से बाहर खदेड़ना शुरू कर दिया। इसी बीच ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। जानकारी मिलने पर वन बीट अधिकारी सोनी पंवार, पंकज, भंवर सिंह व भोपाल मौके पर पहुंच गए, लेकिन उससे पहले ही मगरमच्छ तालाब के निकट स्थित एक गन्ने के खेत में घुस गया। गन्ने के खेत में काफी पानी भरा होने के चलते टीम ने मगरमच्छ की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद टीम वापस लौट आई। वन रेंजर गौरव कुमार अग्रवाल का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। पर, मगरमच्छ एक गन्ने के खेत में चला गया। खेत में काफी पानी भरा होने की वजह से मगरमच्छ का कोई पता नहीं चल सका है। टीम ने ग्रामीणों को हिदायत दी है कि दोबारा मगरमच्छ के दिखाई पड़ने पर उन्हें तुरंत जानकारी दी जाए।