सम्राट मिहिर भोज का बोर्ड उखाड़ने पर तनाव
बालावाली गांव में सम्राट मिहिर भोज का बोर्ड लगाने को दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का मामला तूल पकड़ गया। रात के समय गांव में लगाया गया बोर्ड उखाड़ दिया गया। गांव में तनाव की सूचना पर एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से वार्ता की। मामले में कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए।
संवाद सूत्र, लक्सर: बालावाली गांव में सम्राट मिहिर भोज का बोर्ड लगाने को दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का मामला तूल पकड़ गया। रात के समय गांव में लगाया गया बोर्ड उखाड़ दिया गया। गांव में तनाव की सूचना पर एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से वार्ता की। मामले में कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए।
गुर्जर बिरादरी के व्यक्तियों ने बालावाली गांव में सम्राट मिहिर भोज के नाम पर एक बोर्ड लगाया था। दूसरी बिरादरी के व्यक्ति इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि गांव सर्वसमाज का है। ऐसे में बोर्ड लगाया जाना उचित नहीं है। रविवार की रात के समय किसी ने बोर्ड उखाड़ दिया। सुबह जानकारी मिलने पर गुर्जर बिरादरी के व्यक्तियों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने दूसरे पक्ष के व्यक्तियों पर बोर्ड उखाड़ने का आरोप लगाया। वहीं दूसरे पक्ष ने बोर्ड उखाड़ने के आरोप से इन्कार किया। इससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम वैभव गुप्ता, सीओ बी एस चौहान, लक्सर कोतवाली के एसएसआइ मनोज सिरौला, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी आशीष शर्मा, पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से वार्ता की। गुर्जर बिरादरी के व्यक्तियों ने बोर्ड उखाड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्ष शांत हो गए। एसडीएम वैभव गुप्ता ने बताया कि बोर्ड लगाने और उखाड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला है। वार्ता के बाद अब स्थिति सामान्य है। मामले में मुचलका पाबंद की कार्रवाई भी की जा रही है। बोर्ड उखाड़ने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सरकारी भूमि पर भी बोर्ड नहीं लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।