कई रोगों के लक्षण और बचाव की दी जानकारी
लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर में आशा कार्यकर्ताओं के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
लक्सर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर में आशा कार्यकर्ताओं के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आशाओं को कई रोगों के लक्षण व बचाव की जानकारी दी गई।
शिविर में मुख्य प्रशिक्षक सोहनलाल ने आशा कार्यकर्ताओं को मुंह के कैंसर, बच्चेदानी के कैंसर व स्तन कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह रोग गैर संचारी रोगों की श्रेणी में आते हैं। पूनम वर्मा ने बताया कि ब्लड प्रेशर, मधुमेह जैसे रोग अनियमित जीवनशैली से होते हैं। नियमित दिनचर्या, व्यायाम तथा भोजन आदि में सुधार कर इन रोगों से बचा जा सकता है। प्रशिक्षक आशा रानी ने कहा कि तंबाकू का सेवन मुंह के कैंसर का सबसे प्रमुख कारण है। ममता ने बताया कि असुरक्षित यौन संबंधों के अलावा कम उम्र में गर्भधारण के कारण भी बच्चेदानी का कैंसर हो सकता है। बबीता ने स्तन कैंसर के कारणों की जानकारी दी। कहा कि मोटापा, व्यायाम नहीं करना, समय पर भोजन नहीं करने से भी कई रोग हो सकते हैं। शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने आशाओं को विभिन्न रोगों के लक्षण व बचाव की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही आशाओं को दी गई जानकारी पर आधारित परीक्षा का भी आयोजन किया गया। आशाओं को यह जानकारी अपने क्षेत्र में लोगों तक पहुंचाने के लिए कहा गया। इस अवसर पर सभी आशा कार्यकर्ता मौजूद रही। (संसू)