श्रीराम के रंग में रंगी शिक्षानगरी, मंदिरों से लेकर घरों में जले दीप
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के पावन अवसर पर बुधवार को शिक्षानगरी भी प्रभु श्रीराम के रंग में रंग गई।
जागरण संवाददाता, रुड़की: अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के पावन अवसर पर बुधवार को शिक्षानगरी भी प्रभु श्रीराम के रंग में रंग गई। शहर के मंदिरों को भव्य रूप दिया गया। मंदिरों में विशेष पूजन और हवन किया गया। शाम को मंदिरों से लेकर घरों में दीपक प्रज्वलित होने से शहर जगमगा उठा। वहीं मंदिर समितियों, हिदू संगठनों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित किए और हलवा, लड्डू आदि मिष्ठान का प्रसाद वितरण भी किया गया।
शहर के रामनगर स्थित श्रीराम मंदिर में नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के मौके पर प्रभु श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना और आरती की। मंदिर के पंडित कैलाश चंद्र शास्त्री ने पूजन करवाया। मंदिर को फूलों एवं लाइट से सजाया गया था। वहीं मंदिर में शाम को 1101 दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश लाल मेहंदीरत्ता, सचिव धर्मपाल लखानी आदि मौजूद रहे। वहीं रामनगर में श्रीराम द्वार को भी भव्य तरीके से सजाया गया। साकेत स्थित दुर्गा चौक मंदिर में हवन किया गया। इसमें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मयंक गुप्ता भी शामिल हुए। इसके अलावा श्रीराम के नाम की 108 मालाओं का जाप हुआ। मंदिर में एक हजार दीपक जलाए गए। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जगदीश प्रसाद पैन्यूली, पंडित चंद्रमोहन पैन्यूली, पंडित नरेश सेमवाल और पंडित प्रकाश नौटियाल ने पूजन करवाया।
उत्तराखंड युवा संगठन ने गंगा एन्क्लेव, अशोक नगर ढंडेरा में गंगेश्वर महादेव मंदिर में 108 लीटर दूध से रुद्राभिषेक किया। 108 फूल अर्पित करने के साथ ही हवन यज्ञ कर पूजा पाठ किया। श्रीराम मंदिर निर्माण के मौके पर मंदिर को फूलों से सजाया गया। महिलाओं ने मंदिर में कीर्तन-भजन किया। आचार्य हरीश डिमरी, आचार्य महेश जोशी और आचार्य नवीन रतूड़ी ने पूजन करवाया। इस मौके पर उत्तराखंड युवा संगठन के संस्थापक राकेश चौहान, अध्यक्ष हेमंत बड़थ्वाल, सुदर्शन डोबरियाल, रमेश सौन, शंकर सिंह पटवाल, मुकेश सिंह शाह, धनंजय शुक्ला, मनोज नागर, अनिल नेगी, रवि रावत, त्रिलोक सिंह रावत, कुसुम रावत आदि भक्त मौजूद रहे। श्रीराम मंदिर शिलान्यास के अवसर पर आदि शक्ति गायत्री मंदिर में दीपोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। जिसमें 2100 दीपक देसी घी से प्रज्वलित किए गए। सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इस मौके पर पंडित दीपक भारद्वाज ने कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय संस्कृति और सभ्यता के मूर्त रूप हैं। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या और श्रीराम मंदिर में करोड़ों भक्तों की आस्था है। इस दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष सुधीर कुमार अग्रवाल, सतीश कुमार वैश्य, प्रदोष सिघल, धर्मपाल त्यागी, सागर रस्तोगी, नवीन शर्मा, विनायक भारद्वाज, रमेश सैनी, पूरन चंद जोशी आदि ने प्रतिभाग किया। इसी प्रकार से बीएसएम तिराहे स्थित बालाजी मंदिर, नहर किनारे के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, अंबर तालाब के हनुमान मंदिर, सिविल लाइंस के प्राचीन श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, पुरानी तहसील के सोना देवी मंदिर समेत शहर और आसपास के क्षेत्रों के मंदिरों में विशेष पूजन, दीपोत्सव आदि धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रभु श्रीराम के नाम के लगाए जयकारे
रुड़की: देवभूमि रामलीला समिति, अशोक नगर, न्यू भारत कॉलोनी, भारत कॉलोनी, विजय नगर, कीर्ति नगर, राज विहार कॉलोनी, शिवाजी कॉलोनी, आदर्श शिवाजी नगर आदि क्षेत्रीय कॉलोनियों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने शिव चौक बुचडी फाटक पर एकत्रित होकर दीप प्रज्वलित किए। प्रभु राम के जयकारे लगाए और मिष्ठान वितरण किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अर्जुन सिंह तड़ियाल, संरक्षक राजेंद्र सिंह रावत तथा उपाध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि देवभूमि रामलीला समिति विगत 10 वर्षों से प्रभु राम की लीला का मंचन करती आ रही है। अब जब 492 वर्षों के पश्चात प्रभु राम के भव्य मंदिर का भूमि पूजन हुआ है तो इससे समिति गदगद एवं अभिभूत है। इस दौरान जगदीश सिंह नेगी, जीवानंद बुडाकोटी, सुरेंद्र सिंह नेगी, संग्राम सिंह रावत, साबर सिंह नेगी, विनोद जखवाल, पार्वती रावत, दिगंबर सिंह नेगी, बलवीर सिंह रावत, राकेश भट्ट, आनंद सिंह रावत आदि उपस्थित रहे। शहर के अलावा झबरेड़ा, मंगलौर और भगवानपुर में भी दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। दीपावली की तरह घर-घर जले दीपक
रुड़की: बुधवार को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के भूमि पूजन को शहर की जनता ने दीपावली की तरह मनाया। घर-घर में दीपक जलाए गए। ऐसे में शहर से लेकर देहात क्षेत्र दीपक की रोशनी से जगमगा उठा। वहीं श्रीराम भक्तों ने जमकर आतिशबाजी भी की। समर्पण के सदस्यों ने किया रक्तदान
रुड़की: समर्पण जन कल्याण संगठन के सदस्यों ने श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के अवसर पर सिविल अस्पताल के रक्त कोष में रक्तदान किया। एसपी सिंह, हर्षित कुमार, संजीव चौहान, विनय कंडारी और प्रदीप गोयल ने रक्तदान किया। इस अवसर पर समर्पण संस्था के सदस्यों ने नगर की जनता से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान करने के लिए सिविल अस्पताल के रक्त कोष में आएं।