विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुड़की में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, पति समेत 4 लोगों पर केस

Published: Thu, 16 Jul 2026 11:12 PM (GMT+05:30)

रुड़की के सुनहरा में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने एक महिला को बेरहमी से पीटा, जिसकी देहरादून के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. रुड़की के सुनहरा में महिला की दहेज के लिए पिटाई

  2. गंभीर हालत में देहरादून अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

  3. पति सहित चार ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

जागरण संवाददाता, रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुनहरा में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला की उसके ससुरालियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसकी देहरादून के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने मृतका के बहनोई की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के हरजौली जट गांव निवासी रामकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी साली रुमा बचपन से ही उनके साथ रह रही थी और उन्होंने ही उसकी परवरिश की थी।

करीब तीन साल पहले उन्होंने रुमा की शादी हरजौली जट गांव के ही जितेंद्र के साथ की थी। जितेंद्र पत्नी रुमा के साथ रुड़की गंगनहर क्षेत्र के सुनहरा में रह रहा था। आरोप है कि शादी के बाद से ही जितेंद्र और परिवार के अन्य लोग दहेज के लिए रुमा को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

दोबारा होश आने पर फिर पीटकर अचेत करने का आरोप

बीती 14 जुलाई को ससुरालियों ने एक बार फिर दहेज की मांग की। रुमा ने जब उनकी मांग को गलत बताया तो आरोप है कि आरोपितों ने उसे बेरहमी से पीटा और अधमरा कर छोड़ दिया।

कुछ देर बाद जब आरोपितों को पता चला कि वह अभी जिंदा है, तो उन्होंने दोबारा उसकी पिटाई कर उसे अचेत कर दिया। गंभीर हालत में रुमा को देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उसने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतका के बहनोई रामकुमार की तहरीर पर पति जितेंद्र, पुष्पेंद्र, धर्मेंद्र और अभिषेक के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- रुड़की में प्रेम विवाह पर अड़ी युवती को भाई ने पीटा, गंगनहर में कूदने से प्रेमी ने बचाया

यह भी पढ़ें- रुड़की: नकली चाबी बनाकर दोस्त की बुलेट करा दी चोरी, आरोपित गिरफ्तार