अनलॉक वन में शहरवासी भी घरों से हो रहे अनलॉक
अनलॉक वन में शहरवासी भी घरों से अनलॉक होने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, रुड़की : अनलॉक वन में शहरवासी भी घरों से अनलॉक होने लगे हैं। बाजारों में भीड़ उमड़ने के साथ ही सड़कों के किनारे सैर करने वाले लोगों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। जिस वजह से शारीरिक दूरी के नियम का जगह-जगह उल्लंघन हो रहा है।
कोरोना महामारी काल में लॉकडाउन चार के बाद सरकार ने अनलॉक वन की घोषणा की है। इसमें जनता को कई प्रकार की छूट दी गई हैं। सभी प्रकार की दुकानों के खुलने का समय सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक कर दिया गया है। वहीं आवाजाही को लेकर भी कुछ छूट दी गई हैं। इसके साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे से बचाव को लेकर मास्क का प्रयोग करने, शारीरिक दूरी बनाए रखने सहित कई प्रकार के नियमों का पालन करना भी जरूरी किया गया है। लेकिन अनलॉक वन के साथ ही लोगों ने अधिक संख्या में घरों से बाहर निकलना शुरू कर दिया है। शहर के मेन बाजार, सिविल लाइंस, बीटी गंज, अनाज मंडी आदि बाजारों की सड़कों में आवाजाही करने वाले लोगों की भीड़ नजर आ रही है। बाजारों में खरीददारी के दौरान भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। वहीं सड़कों के किनारे लोग सुबह-शाम की सैर करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। जगह-जगह लोगों की भीड़ होने की वजह से शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो पा रहा है, जिस वजह से कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
-----------
लगभग हर दिन ही लग रहा जाम
रुड़की : शहर के मेन बाजार की सड़कों पर लगभग हर दिन ही जाम लग रहा है। जाम लगने के कारण जहां गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं हो रहा है। उधर, पुलिस-प्रशासन की ओर से भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।