उगाही के आरोप में हटाए गए कर्मियों को ड्यूटी पर रखा
दरगाह प्रबंधन ने पूर्व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देशों को दर किनार करते हुए 10 कर्मचारियों को ड्यूटी पर रख लिया है। इसको लेकर कई तरह की चर्चा है।
संवाद सूत्र, कलियर: दरगाह प्रबंधन ने पूर्व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देशों को दर किनार करते हुए 10 कर्मचारियों को ड्यूटी पर रख लिया है। इसको लेकर कई तरह की चर्चा है।
पिछले साल तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने निरीक्षण के दौरान दरगाह के दस कर्मचारियों को पकड़ा था। इन कर्मचारियों पर उगाही करने के आरोप हैं। इस मामले में उन्होंने छानबीन करने के बाद सभी कर्मचारियों को ड्यूटी से हटा दिया था। साथ ही, निर्देश दिए थे कि इन कर्मचारियों से ड्यूटी नहीं ली जाए। इसी बीच दरगाह प्रबंधक ने इन कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगा दिया है। इस संबंध में दरगाह प्रबंधक हारून अली का कहना है कि कर्मचारियों से शपथ पत्र लेकर उनको मौखिक रूप से निर्देश दिए गए हैं कि वह ड्यूटी करें। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल का कहना है कि पूर्व में हटाए गए दस कर्मचारियों की फाइल वक्फ बोर्ड के सीईओ के पास है। किसी भी कर्मचारी को ड्यूटी पर नहीं रखा गया है।