बारिश के बाद उमस ने किया शहरवासियों को बेहाल
शहर में दिनभर उमस ने लोगों को पसीने से तर बतर किया।
जागरण संवाददाता, रुड़की: शहर में दिनभर उमस ने लोगों को पसीने से तर बतर किया। शाम को मौसम ने करवट ली और बरसात हुई। लेकिन, कुछ देर बाद ही बारिश बंद होने की वजह से प्रचंड गर्मी से लोगों को कोई खास राहत नहीं मिल सकी। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 जुलाई तक 77 मिमी बरसात का पूर्वानुमान है। वहीं जिले कुछ स्थानों पर 11-12 जुलाई को भारी बरसात और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
शुक्रवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम दिनभर कई रंग बदलता रहा। एकाएक कभी आसमान में धूप खिल जाती तो दूसरे ही पल बादल डेरा डाल देते। वहीं शहर और इससे सटे क्षेत्रों में जहां कुछ जगहों पर बारिश हुई तो कुछ हिस्से में बूंदें नहीं बरसी। शहर में शाम को मौसम ने फिर करवट ली और चार बजे के बाद अंधेरा छा गया और हवा चलने लगी। इसके कुछ देर बाद बारिश होने लगी, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बारिश बंद भी हो गई। इस वजह से लोगों को आग उगलती गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। वहीं शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रेकॉर्ड हुआ। जबकि, न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, आइआइटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले कुछ स्थानों पर 11-12 जुलाई को भारी बरसात और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। 15 जुलाई तक कुल 77 मिमी बरसात का अनुमान है। इस दौरान मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे। साथ ही 8-10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मुख्यतया उत्तरी-पश्चिमी, दक्षिणी-पश्चिमी तथा दक्षिणी-पूर्वी दिशा से हवा चलने की संभावना है।