रावण का पुतला दहन स्थान बदलने पर भड़के व्यापारी
संवाद सूत्रलक्सर विजयादशमी पर पुतला दहन व मेले के आयोजन का स्थान परिवर्तन करने पर व्यापारियो
संवाद सूत्र,लक्सर: विजयादशमी पर पुतला दहन व मेले के आयोजन का स्थान परिवर्तन करने पर व्यापारियों का गुस्सा भड़क गया। नाराज व्यापारियों ने नगर में प्रदर्शन कर प्रशासन का पुतला जलाया। व्यापारियों ने प्रशासन पर आयोजन स्थल को लेकर एकतरफा फैसला करने का आरोप लगाया है।
नगर में विजयादशमी पर्व पर मेले व पुतला दहन के लिए रेलवे परिसर के बजाय शुगर मिल परिसर में आयोजन को लेकर पिछले दिनों लक्सर कोतवाली में व्यापारियों, रेलवे अधिकारियों, रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों की उपजिलाधिकारीकी मौजूदगी में बैठक हुई थी। बैठक में पुराने स्थान पर ही मेले का आयोजन किए जाने की बात कही गई थी। हालांकि रेल अधिकारियों ने इस पर सहमति नहीं दी थी। तीन दिन पहले उपजिलाधिकारी की ओर से रेलवे विभाग की रिपोर्ट के अनुसार हादसे की आशंका को देखते हुए शुगर मिल परिसर में ही पुतला दहन के निर्देश दिए गए थे। इसे लेकर व्यापारियों का गुस्सा भड़क उठा। नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मेन बाजार में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन का पुतला दहन किया। नगरपालिका अध्यक्ष अंबरीश गर्ग ने कहा कि पूर्व में हुई बैठक में पुराने स्थान पर ही पुतला दहन की बात कही गई थी, लेकिन अब एकतरफा फैसला कर प्रशासन शुगर मिल परिसर में पुतला दहन की बात कह रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि प्रशासन ने कोई फैसला करने से पहले व्यापारियों को विश्वास में नही लिया। प्रशासन व्यापारियों की उपेक्षा कर रहा है। प्रशासन की भूमिका पर नाराज व्यापारियों ने नारेबाजी कर प्रशासन का पुतला जलाया। इस दौरान राजेंद्र नाथ मेहंदीरत्ता, राहुल अग्रवाल, मनोज वर्मा, भूपेंद्र निगम, सतीश मल्होत्रा, सभासद रतेंद्र तिवारी, सुदर्शन कपूर आदि बडी संख्या में लोग मौजूद रहे।